स्वतंत्रता दिवस पर बिहार की इस झांकी ने जीता खास पुरस्कार, डिप्टी सीएम का किसानों के लिए खास ऐलान

बिहार के उप मुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कृषि विभाग, बिहार की झाँकी को तृतीय पुरस्कार प्राप्त होना हम सभी बिहारवासियों के लिए गर्व का विषय है।

Tableau in Independence Day
Tableau in Independence Day- फोटो : news4nation

Bihar News: स्वतंत्रता दिवस पर बिहार सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा झांकी सजाई गई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजुदगी में पटना के गांधी मैदान में कई आकर्षक झांकियां सजाई गई. इस बीच कृषि विभाग की झांकी ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि पुरस्कार की श्रेणियों में भी शानदार उपलब्धि हासिल की. बिहार के उप मुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को बताया कि  तंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर कृषि विभाग, बिहार की झाँकी को तृतीय पुरस्कार प्राप्त होना हम सभी बिहारवासियों के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि हमारे किसानों की अथक मेहनत, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की लगन और कृषि नवाचारों का प्रतिफल है।


उन्होंने कहा कि कृषि रोडमैप के सफल क्रियान्वयन ने बिहार को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया है। आज हमारा राज्य 231 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है। चावल, गेहूँ और मक्का के क्षेत्र में बिहार ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाई है और अब तक पाँच बार कृषि कर्मण पुरस्कार प्राप्त कर गौरवान्वित हुआ है। 


डिप्टी सीएम ने कहा कि हमें गर्व है कि हमारे पारंपरिक एवं विशिष्ट उत्पाद—कतरनी चावल, जर्दालु आम, शाही लीची, मगही पान, मिथिला मखाना और मर्चा धान को GI टैग प्राप्त हुआ है, जिससे हमारे किसानों को बेहतर बाज़ार और दाम मिल रहे हैं। आज बिहार मखाना, लीची और मशरूम उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है और सब्ज़ियों व फलों के उत्पादन में भी अग्रणी स्थान पर है।


उन्होंने कहा कि NDA सरकार किसानों के सशक्तिकरण और उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है। यही कारण है कि लगातार योजनाओं और नवाचारों से बिहार का किसान आज आत्मनिर्भर बन रहा है और आने वाले समय में “भारत का एग्रीकल्चर हब” बनने का सपना भी जल्द साकार होगा। बिहार के खेतों से भारत के हर थाल तक यही हमारी पहचान और हमारा सपना है।