Patna Crime - पटना में रुपए के लेनदेन के विवाद में युवक पर हुई फायरिंग, पुलिस ने दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
Patna Crime - रुपए के लेनदेन को लेकर युवक पर गोली चलवाने के मामले में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

Patna - पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में 31 अगस्त को सूर्यकांत शर्मा उर्फ छोटे पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान सचिन कुमार उर्फ छोटे और गौतम कुमार के रूप में हुई है।
पैसों के विवाद में हुई थी गोलीबारी
पटना पश्चिमी के एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मौर्य बिहार कॉलोनी में सूर्यकांत शर्मा को गोली मारे जाने के पीछे पैसों का लेनदेन मुख्य कारण था। घायल सूर्यकांत ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि लवकुश से उनकी पैसों को लेकर अनबन चल रही थी, जिसके बाद यह घटना हुई। इस मामले में पुलिस ने छह नामजद समेत अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया था।
अब तक चार आरोपी गिरफ्तार, राइफल भी बरामद
इस मामले में पुलिस पहले ही दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उनके घर से घटना में इस्तेमाल की गई एक अवैध राइफल भी बरामद हुई थी। सचिन और गौतम की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार होने वाले आरोपियों की कुल संख्या चार हो गई है। पश्चिमी एसपी ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने एक और हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि दिलीप पासवान और मोहम्मद अनवर के बीच भी पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके कारण उस घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल, इस गोलीबारी के मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट