Bihar Budget 2025 : बिहार बजट सत्र के समापन के बाद इस दिन युवा संसद का होगा आयोजन, इन विषयों पर 140 छात्र-छात्राएं रखेंगे अपने विचार
Bihar Budget 2025 : बिहार बजट सत्र के समापन के बाद बिहार विधानसभा में युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 140 छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। युवा संसद में चयनित 10 छात्र-छात्रा लोकसभा में आयोजित भारतीय युवा संसद में भाग लेंगे।

Bihar Budget 2025 : बिहार विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। 28 मार्च को बजट सत्र समाप्त होगा। बजट सत्र के समापन के बाद 29 मार्च को विधानसभा में युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों से चुने गए 140 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। युवा संसद सत्र सात घंटे तक चलेगा। जिसमें प्रत्येक वक्ता को अपनी बात रखने के लिए तीन मिनट का समय मिलेगा। इस दौरान प्रतिभागियों को "भारतीय संविधान के 75 वर्षः अधिकार, कर्तव्य और प्रगति की यात्रा" और "संविधान दिवस का 11वां संकल्पः भारत के संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की शपथ" विषयों पर अपने विचार रखने होंगे।
लोकसभा युवा संसद के लिए होगा चयन
युवा संसद में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 10 छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा, जो लोकसभा में होने वाली भारतीय युवा संसद में भाग लेंगे। ये प्रतिभागी दिल्ली में लोकसभा में आयोजित विकासशील युवा संसद के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में शीर्ष तीन विजेता संसद के केंद्रीय कक्ष में अपने विचार साझा करेंगे और नीति निर्माताओं, सलाहकारों व राष्ट्रीय नेताओं के साथ संवाद करेंगे। दिल्ली में युवा संसद के दौरान ये प्रतिभागी "एक राष्ट्र, एक चुनावः लोकतंत्र को सरल बनाना, प्रगति को बढ़ाना, स्थिरता सुनिश्चित करना" विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
युवाओं की आवाज को मंच देने की पहल
युवा संसद का मुख्य उद्देश्य 18 से 25 वर्ष के युवाओं की आवाज को मंच देना है। यह कार्यक्रम उन्हें सार्वजनिक मुद्दों से जुड़ने, आम आदमी की समस्याओं को समझने और अपने विचार स्पष्ट रूप से व्यक्त करने के लिए प्रेरित करता है। इसके जरिए युवाओं में निर्णय लेने की क्षमता, सहिष्णुता और विचारों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाता है।
राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव 2019 से हो रहा आयोजन
राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी। इसके चौथे संस्करण में देशभर के 763 जिलों से कुल 2.01 लाख प्रतिभागी शामिल हुए थे। जिला स्तर पर 7140 छात्र-छात्राओं ने प्रतिस्पर्धा की थी, जिनमें से 85 प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर के फाइनल में पहुंचे थे।
निर्णायक मंडल की घोषणा
बिहार विधानसभा में आयोजित युवा संसद के निर्णायक मंडल के अध्यक्ष विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव होंगे। इसके अलावा, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी और खेल एवं युवा मामलों से जुड़े वरिष्ठ आईएएस अधिकारी निर्णायक मंडल के सदस्य होंगे। इस आयोजन से बिहार के युवा न केवल लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझ सकेंगे, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे।