Bihar News: स्टेशन पर यात्रियों का बवाल, ट्रेन के आगे बैठकर रोकी गाड़ी, रेल मंत्री-सांसद के खिलाफ नारेबाजी

Bihar News:बरबीघा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब ट्रेन में पैर रखने तक की जगह नहीं मिली।...

Passengers Block Train Over Overcrowding Protest
स्टेशन पर यात्रियों का बवाल- फोटो : reporter

Bihar News: शेखपुरा जिले के बरबीघा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब ट्रेन में पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। यात्रियों की भारी भीड़ और ट्रेन में जगह की कमी को लेकर देखते ही देखते स्टेशन पर हंगामा शुरू हो गया। कुछ आक्रोशित युवा यात्रियों ने पटना जाने वाली ट्रेन के आगे बैठकर करीब आधे घंटे तक रेल परिचालन बाधित कर दिया।

इस दौरान प्रदर्शनकारी यात्रियों ने रेल मंत्री और नवादा सांसद विवेक ठाकुर के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। स्थिति बिगड़ती देख स्टेशन मास्टर ने तत्काल बरबीघा थाना को सूचना दी। मौके पर डायल-112, बरबीघा थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम पहुंची। सुरक्षाकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद यात्रियों को रेलवे ट्रैक से हटाया, जिसके बाद ट्रेन को पटना के लिए रवाना किया गया।

ट्रेन रवाना होने के बाद भी यात्रियों का आक्रोश शांत नहीं हुआ। सैकड़ों की संख्या में यात्री टिकट काउंटर पर पहुंच गए और टिकट के पैसे वापस करने की मांग करने लगे। अचानक बढ़ी भीड़ और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए टिकट काउंटर बंद करवाना पड़ा।करीब एक घंटे से अधिक समय तक स्टेशन परिसर में हंगामा चलता रहा। बाद में धीरे-धीरे यात्री रेलवे की व्यवस्था को कोसते हुए वहां से निकलने लगे।

यात्रियों का आरोप है कि नवादा से पटना के बीच चलने वाली ट्रेन में पहले एक दर्जन से अधिक बोगियां हुआ करती थीं, लेकिन अब इनकी संख्या घटाकर आठ कर दी गई है। बोगियों की संख्या कम होने से ट्रेन में क्षमता घट गई है और यात्रियों को चढ़ने तक में मुश्किल होती है।सबसे ज्यादा परेशानी महिला यात्रियों को उठानी पड़ रही है। महिलाओं का आरोप है कि महिला बोगी में भी पुरुष यात्री घुस जाते हैं, जिससे उन्हें काफी असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। यात्रियों ने रेलवे से महिला कोच में अनधिकृत यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कुछ लोगों का मानना है कि रक्षाबंधन के बाद बड़ी संख्या में लोग वापस लौट रहे थे। इसके कारण सोमवार को सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा यात्री बरबीघा स्टेशन पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने से अफरा-तफरी की स्थिति बनी और कई यात्री ट्रेन में सवार ही नहीं हो सके।हालांकि यात्रियों का कहना है कि यह महज त्योहार की भीड़ नहीं है। सुबह पटना जाने वाली ट्रेन में रोजाना यात्रियों को इसी परेशानी का सामना करना पड़ता है।यात्रियों ने रेलवे के सामने दो टूक मांग रखी है कि या तो सुबह की ट्रेन में बोगियों की संख्या बढ़ाई जाए या इस रूट पर नई ट्रेन चलाई जाए। इसके साथ ही टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों ने बिना टिकट सफर करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अब सवाल यह है कि बरबीघा स्टेशन पर यात्रियों के इस जबरदस्त विरोध और हंगामे के बाद रेलवे क्या कदम उठाता है। फिलहाल यात्रियों की नाराजगी ने रेलवे की यात्री सुविधा और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- उमेश कुमार