Bihar Crime: शराबबंदी वाले राज्य में अधिकारी छलका रहे जाम, बरबीघा के बिजली एसडीओ का शराब पीते वीडियो वायरल! मचा बवाल

Bihar Crime: शेखपुरा जिले में बरबीघा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के एक अधिकारी का कथित शराब सेवन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है।...

Sheikhpura Bihar Power SDO Alleged Drinking Video Sparks Row
शराबबंदी वाले राज्य में अधिकारी छलका रहे जाम- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के शेखपुरा जिले में बरबीघा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के एक अधिकारी का कथित शराब सेवन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई देने वाला शख्स बरबीघा के बिजली विभाग के एसडीओ राहुल कुमार हैं। हालांकि, इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक व्यक्ति कमरे के भीतर बेड पर बैठा दिखाई दे रहा है। उसके एक हाथ में कथित तौर पर अंग्रेजी शराब की बोतल और दूसरे हाथ में ग्लास नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब और कहां का है, इसलिए इसकी सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

मामले को लेकर जब मीडिया ने बिजली एसडीओ राहुल कुमार से संपर्क किया तो उन्होंने वायरल वीडियो की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे किसी वीडियो की कोई जानकारी नहीं है। उनका कहना था कि वीडियो देखने के बाद ही वह इस पर कोई प्रतिक्रिया दे पाएंगे।फिलहाल प्रशासन या बिजली विभाग की ओर से इस वायरल वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न ही अब तक किसी जांच या विभागीय कार्रवाई की पुष्टि हुई है।

हालांकि, यदि जांच में यह वीडियो वास्तविक और संबंधित अधिकारी का पाया जाता है, तो बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून और विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पूरा मामला वायरल वीडियो के दावों पर आधारित है और इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि तथा आधिकारिक जांच का इंतजार किया जा रहा है।

रिपोर्ट- उमेश कुमार