मुश्किल में '10 वाला बिस्किट' फेम शादाब जकाती: महिला ने लगाया रेप का आरोप, FIR दर्ज
एक महिला की शिकायत पर यूट्यूबर शादाब जकाती के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. वही महिला ने बंधक बनाकर शोषण का आरोप का लगाया तो शादाब ने वीडियो जारी कर सभी दावों को झूठा बताया.
"10 वाला बिस्किट का पैकेट कितने का है" संवाद से प्रसिद्ध हुए यू-ट्यूबर शादाब जकाती पर एक महिला ने बलात्कार (रेप) का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया है और उनके प्रशंसक इस मामले को लेकर काफी चर्चा कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंसानियत के नाते मदद करने का दावा
गंभीर आरोपों के बीच शादाब जकाती ने एक भावुक वीडियो जारी कर अपनी सफाई पेश की है। शादाब का कहना है कि उन्होंने संबंधित महिला की केवल इसलिए मदद की थी क्योंकि उसने खुद को गरीब मजदूर बताकर अपने बच्चे की पढ़ाई के लिए गुहार लगाई थी। शादाब के अनुसार, उन्होंने इंसानियत दिखाते हुए बच्चे की छह महीने की फीस, किताबों और कोर्स की व्यवस्था की थी।
टीम और स्थानीय गवाहों का हवाला
शादाब ने वीडियो में स्पष्ट किया कि उनकी टीम में आठ लोग शामिल हैं और वे लंबे समय से गरीबों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि महिला की कई बार आर्थिक मदद की गई और उसे महीनों का राशन भी दिया गया, जिसके गवाह गांव का दुकानदार और उनकी टीम के सदस्य हैं। शादाब के मुताबिक, महिला ने उनकी टीम के साथ कुछ वीडियो में काम भी किया है।
साजिश का दावा और कड़ी जांच की मांग
अपने बचाव में शादाब ने कसम खाते हुए कहा कि उन्होंने आज तक उस महिला को छुआ भी नहीं है और उनके घर में हमेशा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में 8-10 लोग मौजूद रहते हैं। उन्होंने भावुक होकर यहाँ तक कहा कि यदि उनके खिलाफ एक भी सबूत मिलता है, तो वह खुद अपनी गर्दन काट लेंगे। शादाब का आरोप है कि उन्हें बदनाम करने के लिए यह एक बड़ी साजिश रची गई है।