Bihar Crime - नकाबपोश बदमाशों ने देर शाम राइस मिल संचालक को गोलियों से किया छलनी, घर से बुलाकर प्लान के तहत हुई हत्या
Bihar Crime - बाजार गए राइस मिल संचालक की नकाबपोश बदमाशों ने हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
 
                            Sitamarhi - बड़ी खबर सीतामढ़ी जिले से सामने आ रही है, जहां गुरुवार देर शाम राइस मिल संचालक की नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से पिस्टल लहराते हुए भाग निकले।
वहीं दूसरी राइस मिल मालिक की हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को कंट्रोल करने की कवायद शुरू कर दी है। मृतक की पहचान डुमरा थाना क्षेत्र के परसौनी वार्ड नंबर 11 निवासी बिहारी महतो के 42 वर्षीय पुत्र मदन सिंह के रूप में हुई है।
मामला जिले के डूमरा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। जहां परसौनी मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने राइस मिल संचालक मदन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने से वह वही जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों द्वारा मदन सिंह को घायल अवस्था मे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जांच के बाद चिकित्सक अविनाश कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बाजार जाने के लिए निकले, फोन कर बुलाया गया
बदमाशों द्वारा घटना को अंजाम उस वक्त दिया जब मदन सिंह अपने घर से बाजार के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि उन्हें फोन कर बुलाया गया था। मदन सिंह के उपर बदमाशों ने 6 राउंड गोली चलाई, जिसमें तीन गोली लगी है। एक गोली मदन सिंह के गंजी में फंसा हुआ था जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
मदन सिंह की भाभी अभी मुखिया
बताया जा रहा है मृतक मदन सिंह की भाभी रानी कुमारी डुमरा प्रखंड के परोहा पंचायत की वर्तमान मुखिया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मौके पर पहुंची पुलिस व एफएसल की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। वही, मामले की बारीकी से जांच कर रही है। सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमित रंजन, एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या मे पुलिस पदाधिकारी व जवान घटनास्थल व सदर अस्पताल पहुंचे। एसपी के द्वारा सदर अस्पताल पहुंचे उनके बड़े भाई व मुखिया पति रघुनाथ सिंह से घटना की पूरी जानकारी ली।
 
                 
                 
                 
                 
                 
                                         
                                         
                             
                             
                     
                     
         
                     
                     
                     
                     
                    