Bihar Vidhansabha Chunav 2025: बिहार में चुनाव की तैयारी शुरू, इस महीने होगी इलेक्शन की घोषणा! जानें कब खत्म हो रहा विधानसभा कार्यकाल
Bihar Vidhansabha Chunav 2025:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की घोषणा सितंबर 2025 के अंत या अक्टूबर 2025 की शुरुआत में होने की संभावना है।

Bihar Vidhansabha Chunav 2025: बिहार की 17वीं विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त होने वाला है। भारतीय संविधान के अनुसार, विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने से पहले चुनाव कराए जाने आवश्यक हैं। बिहार में 243 विधानसभा सीटें हैं, और यह चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और महागठबंधन के बीच मुकाबला होगा।
पिछले विधानसभा चुनाव यानी 2020 का चुनाव तीन चरणों में हुआ था।पहला चरण 28 अक्टूबर 2020 को 71 सीटों पर,दूसरा चरण 3 नवंबर 2020 को 94 सीटों पर,तीसरा चरण 7 नवंबर 2020 को 78 सीटों पर हुआ था तो मतगणना 10 नवंबर 2020 को हुई थी।
राजनीतिक पंडितों के अनुसार साल 2025 में भी इसी तरह तीन चरणों में मतदान की उम्मीद है, क्योंकि बिहार में सुरक्षा, भौगोलिक विस्तार, और मतदाता संख्या को देखते हुए चरणबद्ध मतदान आम प्रथा रही है।
विभिन्न स्रोतों के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की घोषणा सितंबर 2025 के अंत या अक्टूबर 2025 की शुरुआत में होने की संभावना है।
निर्वाचन आयोग ने बिहार में चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। फरवरी 2025 में आयोग की एक टीम बिहार का दौरा कर EVM और VVPAT की जांच करेगी। मार्च 2025 में मुख्य निर्वाचन अधिकारी एचआर श्रीनिवास की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें मतदाता जागरूकता और कम मतदान वाले बूथों पर वोटिंग बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
वहीं अक्टूबर 2025 में दीवाली और छठ जैसे प्रमुख त्योहार हैं, जो बिहार में बड़े पैमाने पर मनाए जाते हैं। इन त्योहारों के कारण पुलिस और प्रशासन व्यस्त रहता है, इसलिए मतदान नवंबर 2025 में होने की संभावना अधिक है। चुनाव की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू हो जाएगी, जो सितंबर-अक्टूबर 2025 में संभावित है।
बिहार में विधानसभा चुनाव पारंपरिक रूप से चरणबद्ध तरीके से आयोजित किए जाते हैं। 2025 में भी तीन चरणों में सभी 243 सीटों पर मतदान की संभावना है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण हैं-सुरक्षा व्यवस्था बिहार में कुछ क्षेत्र नक्सल प्रभावित हैं, और बड़े पैमाने पर मतदाताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चरणबद्ध मतदान जरूरी है।243 सीटों पर एक साथ मतदान के लिए EVM, VVPAT, और मतदान कर्मियों की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण है। चरणबद्ध मतदान से संसाधनों का बेहतर प्रबंधन होता है।बिहार में लगभग 7.5 करोड़ मतदाता हैं। इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के लिए चरणबद्ध मतदान सुचारू रूप से आयोजन में मदद करता है।2020 में तीन चरणों में मतदान हुआ था, जिसमें 16-17 जिलों की सीटों को प्रत्येक चरण में कवर किया गया था। 2025 में भी इसी तरह का पैटर्न अपनाया जा सकता है।
बहरहाल निर्वाचन आयोग की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा कि चुनाव कितने चरण में और कब होगा।