बीजेपी विधायक के निजी ड्राइवर की धारदार हथियार से हत्या, परिजनों पर भी जानलेवा हमला

कोडरमा की भाजपा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक (ड्राइवर) राजकुमार यादव की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने बीच-बचाव करने आए राजकुमार के माता, पिता और बेटी पर भी जानलेवा हमला किया....

बीजेपी विधायक के निजी ड्राइवर की धारदार हथियार से हत्या, परि
बीजेपी विधायक के ड्राइवर की हत्या- फोटो : न्यूज4नेशन

Koderma : झारखंड के कोडरमा थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक खूनी खेल खेला गया। यहां कोडरमा की भाजपा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक (ड्राइवर) राजकुमार यादव की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने बीच-बचाव करने आए राजकुमार के माता, पिता और बेटी पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस वीभत्स घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में तनाव का माहौल है।


कार्यक्रम से लौटते ही आया था परिजनों का फोन

जानकारी के अनुसार, मृतक राजकुमार यादव बुधवार देर रात करीब 8:30 बजे तक विधायक डॉ. नीरा यादव के साथ ही थे। वे झुमरीतिलैया में आयोजित एक राजनीतिक कार्यक्रम से वापस लौटे थे। इसी दौरान राजकुमार के मोबाइल पर उनके परिजनों का फोन आया, जिसमें बताया गया कि गोतिया (पटिदार) परिवार के लोगों के साथ गांव में जमीन को लेकर विवाद और मारपीट की जा रही है। घर पर झगड़े की सूचना मिलते ही राजकुमार यादव आनन-फानन में अपने गांव चितरपुर पहुंचे। वहां पहले से ही दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। राजकुमार ने जैसे ही मामले को शांत कराने का प्रयास किया, विरोधी पक्ष के लोगों ने उन पर धारदार हथियार से तबातोड़ हमला कर दिया। इस हमले में वे गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


बचाने आए पितामां और बेटी को भी किया लहुलुहान

हथियारबंद हमलावरों का गुस्सा यहीं नहीं थमा। जब राजकुमार को बचाने के लिए उनके पिता दशरथ यादव, मां सुधा देवी और बेटी सोनिका कुमारी आगे आए, तो आरोपियों ने उन पर भी बेरहमी से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में ये तीनों भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


देर रात सदर अस्पताल पहुंचीं विधायकदोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

अपने चहेते ड्राइवर की हत्या की खबर मिलते ही विधायक डॉ. नीरा यादव देर रात ही सदर अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने रोते-बिलखते परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने इस घटना की तीखी निंदा करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली घटना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।


विधायक के फोन के बाद भी नहीं चेती पुलिस!

सूत्रों से मिली चौंकाने वाली जानकारी के अनुसार, घटना से पहले जब विवाद बढ़ रहा था, तब खुद विधायक डॉ. नीरा यादव ने कोडरमा थाना प्रभारी (एसएचओ) को फोन कर गांव के बिगड़ते हालात की जानकारी दी थी। इसके बावजूद पुलिस समय पर नहीं चेती और यह मामूली सा जमीनी विवाद एक खूनी वारदात में तब्दील हो गया, जिससे राजकुमार यादव को अपनी जान गंवानी पड़ी।


घटना की सूचना के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।