लातेहार में खूनी संघर्ष: जमीनी विवाद में छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से काटकर बड़े भाई को उतारा मौत के घाट, पत्नी और बेटा गंभीर

झारखंड के लातेहार जिले अंतर्गत महुआडांड़ थाना क्षेत्र के पोटमाडीह गांव में दो साल से चल रहे जमीनी विवाद में छोटा भाई अपने ही सगे बड़े भाई की जान का दुश्मन बन गया। उसने अपने बेटों के साथ मिलकर 65 वर्षीय बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी....

लातेहार में खूनी संघर्ष: जमीनी विवाद में छोटे भाई ने कुल्हाड

Latehar  : जिले अंतर्गत महुआडांड़ थाना क्षेत्र के पोटमाडीह गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पिछले दो वर्षों से चल रहे जमीनी विवाद के हिंसक रूप लेने के कारण एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की कुल्हाड़ी (टांगी) से मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खूनी हमले में मृतक की पत्नी और बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान 65 वर्षीय कामिल ब्रेक के रूप में हुई है।


खेत में खाद डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी छोटा भाई कई सालों बाद असम से अपने गांव लौटा था। पंचायत और परिवार की सहमति से दोनों भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा भी कर दिया गया था। विवाद तब शुरू हुआ जब बड़े भाई कामिल ने छोटे भाई के हिस्से वाले खेत में गोबर की खाद डाल दी। गुरुवार को जब छोटे भाई का बेटा खेत जोतने गया, तो उसने वहां खाद देखी। इस बात की पूछताछ करने जब वह कामिल के घर गया, तो कामिल के परिवार ने उस पर हमला कर दिया। वहां से बचकर निकले युवक ने घर पहुंचकर अपने पिता और भाइयों को घटना की जानकारी दी।


लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से बोला हमला

इस बात से गुस्साया छोटा भाई अपने चारों बेटों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर रात करीब 10 बजे कामिल के घर धाबा बोल दिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इसी बीच कामिल घर से टांगी (कुल्हाड़ी) निकाल कर उन्हें धमकाने लगा। तभी आरोपियों ने कामिल के हाथ से टांगी छीन ली और कामिल, उनकी 60 वर्षीय पत्नी सलोमी खाखा और बेटे निलेश ब्रेक के सिर पर पीछे से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में तीनों को सिर पर गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बह गया।


अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में हुई मौत

घटना के समय घर में इन तीनों के अलावा कोई और सदस्य नहीं था। मृतक की एक बेटी महुआडांड़ के कार्मेल अस्पताल में काम करती है, जिसे जैसे ही हादसे की खबर मिली, वह तुरंत एम्बुलेंस लेकर गांव पहुंची और तीनों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले आई। हालांकि, कामिल ब्रेक ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी और बेटे की अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां वे जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।


आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई और उसके बेटे मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। ग्राम प्रधान और परिजनों की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।