16 खूंखार माओवादियों ने किया सरेंडर, 15 लाख का इनामी आरसीएम और 3 जोनल कमांडर शामिल

‘नई दिशा-नई पहल अभियान’ के तहत पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान में अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में सक्रिय कुल 16 माओवादियों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है....

16 खूंखार माओवादियों ने किया सरेंडर, 15 लाख का इनामी आरसीएम
16 खूंखार माओवादियों ने किया सरेंडर- फोटो : रिपोर्टर

Ranchi : झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार की ‘नई दिशा-नई पहल अभियान’ के तहत पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान में अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। राज्य के विभिन्न जिलों में सक्रिय कुल 16 माओवादियों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। पिछले दो महीनों के भीतर इसे झारखंड पुलिस की एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में 1 रीजनल कमांडर (RCM), 3 जोनल कमांडर (ZCM), 3 सब-जोनल कमांडर (SZCM), 6 एरिया कमांडर (ACM) और 3 कैडर स्तर के सदस्य शामिल हैं 


पूरे राज्य में बचे सिर्फ 20 एक्टिव नक्सलीसरेंडर में 11 हथियार और 1562 कारतूस बरामद

इस अवसर पर राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि सरेंडर करने वाले सभी नक्सलियों को झारखंड सरकार की पुनर्वास नीति का पूरा लाभ दिया जाएगा। सरेंडर करने वाले 16 माओवादियों में से 14 चाईबासा और 2 लातेहार जिले से संबंधित हैं। इस बड़ी सफलता के बाद अब चाईबासा में मात्र 6 और पूरे राज्यभर में महज 20 एक्टिव नक्सली ही बचे हैं। सरेंडर के दौरान माओवादियों ने पुलिस के सामने कुल 11 अत्याधुनिक हथियार, 38 मैगजीन और 1,562 राउंड जिंदा कारतूस समर्पित किए हैं 


15 लाख के इनामी आरसीएम संतोष उरांव और 10 लाख के इनामी चंदन लोहरा ने डाले हथियार

आत्मसमर्पण करने वाले शीर्ष कैडरों में 15 लाख रुपये का इनामी रीजनल कमांडर (RCM) संतोष उरांव उर्फ बासुदेव दा शामिल है, जिसके पास से एक इंसास राइफल और 136 कारतूस बरामद हुए हैं। वहीं 10 लाख रुपये के इनामी जोनल कमांडर (ZCM) चंदन लोहरा (78 कांडों का अभियुक्त) ने एके-47 राइफल और 129 कारतूस के साथ सरेंडर किया। इनके अलावा 32 कांडों में नामजद जोनल कमांडर संतोष मांझी उर्फ जगबंधु (इंसास राइफल) तथा 38 कांडों के अभियुक्त जोनल कमांडर जयकांत मुंडा उर्फ गूंगा (एके-47 राइफल) ने भी हथियार डाल दिए हैं 


5-5 लाख के दो सब-जोनल कमांडर और 2-2 लाख के दो एरिया कमांडरों का भी सरेंडर

आत्मसमर्पण करने वालों में 5-5 लाख रुपये के इनामी सब-जोनल कमांडर (SZCM) अनिल तुरी (इंसास राइफल) और सुखलाल बिरंजिया उर्फ अकेला भी शामिल हैं। इसके अलावा एसजेडसीएम राजनाथ हांसदा ने एचके-33 राइफल व 208 कारतूस के साथ सरेंडर किया। वहीं एरिया कमांडरों (ACM) में 2-2 लाख रुपये के इनामी सुरेश होनहागा (इंसास राइफल) और रिसिव के अलावा एतवारी मांझी (इंसास राइफल), देवान मुर्मू (इंसास राइफल) और सुमित्रा सुरीन ने भी आत्मसमर्पण किया 


एम-16 व यूएस कार्बाइन जैसे अत्याधुनिक हथियारों के साथ महिला व कैडर सदस्यों का समर्पण

सरेंडर करने वाली महिला एरिया कमांडर सालमी मुंडा उर्फ पारूल ने अमेरिका निर्मित अत्याधुनिक एम-16 राइफल और 244 कारतूस के साथ पुलिस के सामने सरेंडर किया। वहीं कैडर सदस्य चंपा मंझियाईन उर्फ गुड़िया ने यूएस कार्बाइन राइफल और 95 कारतूस के साथ आत्मसमर्पण किया। इनके साथ ही कैडर सदस्य मुन्नी सुरीन (14 कांड) और सीता मुंडा (03 कांड) ने भी हिंसक रास्ता छोड़ मुख्यधारा में लौटने का विकल्प चुना। इस सामूहिक आत्मसमर्पण से झारखंड में माओवादी संगठन का नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त हो गया है