जनशताब्दी एक्सप्रेस गायब हुए जन सुराज के डिजिटल मीडिया मैनेजर की मिली लाश, हत्या या दुर्घटना के बीच उलझा मामला

जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवादाग के पास झाड़ियों से बरामद किया गया है। देवपालिक जनशताब्दी एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान अचानक लापता हो गए थे.....

जनशताब्दी एक्सप्रेस गायब हुए जन सुराज के डिजिटल मीडिया मैनेज
जन सुराज के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता (फाइल फोटो)- फोटो : सोशल मीडिया

Ranchi : रांची से पटना जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवादाग के पास झाड़ियों से बरामद किया गया है। शव मिलने की खबर जंगल की आग की तरह फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी 31 वर्षीय देवपालिक गुप्ता 26 अक्टूबर को अपने साथियों के साथ ट्रेन में सवार हुए थे। दोपहर करीब 3 बजे मुरी स्टेशन से पहले वे पेंट्री कार की ओर गए थे, जिसके बाद से ही वे अचानक लापता हो गए थे। 


आरपीएफ-जीआरपी की कार्यशैली पर उठे थे सवाल, पुलिस ने रखा था इनाम

युवक के अचानक गायब होने के बाद परिजनों और उनके साथियों ने आरपीएफ (RPF) तथा जीआरपी (GRP) में शिकायत दर्ज कराई थी और पुलिस की शुरुआती ढिलाई पर सवाल भी खड़े किए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनगड़ा थाना पुलिस भी एक्टिव हुई थी। अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार ने लापता देवपालिक गुप्ता का सुराग देने या ढूंढने में मदद करने वाले व्यक्ति के लिए 10 हजार रुपये के नकद इनाम का भी ऐलान किया था। 


हत्या या दुर्घटना? पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में

मंगलवार को बरवादाग के पास झाड़ियों में शव मिलने की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाने की पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव बरामद होने के बाद मामले ने काफी गंभीर रुख इख्तियार कर लिया है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच हत्या और दुर्घटना दोनों ही एंगलों से कर रही है। 


थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक तथा पुलिस अनुसंधान पूरा होने के बाद ही मौत के असली कारणों का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा।