JPSC- JSSC धांधली के खिलाफ विधानसभा घेराव, वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज के बाद भी डटे अभ्यर्थी
JPSC- JSSC धांधली के खिलाफ छात्र आंदोलन उग्र रूप ले चुका है। आज विधान सभा घेराव करने पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों का हौसला पुलिस की वाटर कैनन की बौछारें, आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज भी नही तोड़ पाई। अभ्यर्थी शाम ढलने के बाद भी सड़कों पर डटे रहे.....
Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में पिछले 18 दिनों से चल रहा छात्र आंदोलन सोमवार को उग्र रूप ले चुका है। सोमवार सुबह 9 बजे से विधानसभा मार्च के लिए एकत्रित हुए हजारों अभ्यर्थी शाम ढलने के बाद भी सड़कों पर डटे रहे। सात घंटे से अधिक समय से जारी गतिरोध के बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन की बौछारें कीं, आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया, लेकिन आंदोलित छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े छात्र, पथराव और लाठीचार्ज में कई घायल
सुरक्षा बल के बहुस्तरीय घेरे को ध्वस्त करते हुए जब प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे, तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पहले वाटर कैनन का प्रयोग किया। इसके बावजूद जब छात्र बेखौफ आगे बढ़ते रहे, तो पुलिस ने आंसू गैस के छह गोले दागे और फिर लाठीचार्ज कर दिया।
जगन्नाथपुर मंदिर के समीप उग्र छात्रों और पुलिस के बीच सीधी भिड़ंत देखने को मिली। पथराव और जूते-चप्पल फेंके जाने के जवाब में पुलिस ने लाठियां चटकाईं, जिसमें एक छात्र का सिर फटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हिंसक टकराव में कई अन्य छात्र और पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। एक घायल पुलिसकर्मी को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
विधानसभा से 200 मीटर दूर बैठे धरने पर, विधायक जयराम महतो ने साधा संवाद
कड़ी सुरक्षा और बंदिशों को चकमा देते हुए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी खेतों व कच्चे रास्तों से होते हुए नए विधानसभा भवन से महज 200 मीटर की दूरी तक पहुँच गए। इस संवेदनशील मोड़ पर JLKM के विधायक जयराम महतो ने मौके पर पहुँचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उनके हस्तक्षेप के बाद छात्र सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे।
विधायक आवास की ओर बढ़ा छात्रों का रुख
घेराव स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है। अब यह महाआंदोलन नया मोड़ लेता दिख रहा है। विधानसभा के मुहाने से छात्र अलग-अलग समूहों में बंटकर विधायक आवास (MLA हॉस्टल) की ओर बढ़ने लगे हैं, जिन्हें रोकने के लिए प्रशासन कड़ी मशक्कत कर रहा है।
मुख्य मांगें:
- JSSC-CGL जैसी विवादित भर्ती परीक्षाओं को तुरंत रद्द किया जाए।
- चयन एवं परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किया जाए।
- पूरी भर्ती प्रक्रिया में हुई धांधली की CBI जांच कराई जाए।
दूसरी ओर, इस आंदोलन की गूंज के बीच झारखंड विधानसभा की कार्यवाही विपक्ष की गैरमौजूदगी में संचालित हुई और दोपहर बाद मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
ब्यूरो रिपोर्ट