Jharkhand News : शिबू सोरेन के नाम पर रांची में बनेगा ‘गुरुजी स्मृति संग्रहालय’, हेमंत सोरेन कैबिनेट ने दी मंजूरी

RANCHI : झारखंड सरकार ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृतियों को संरक्षित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। मोरहाबादी स्थित गुरुजी का सरकारी आवास अब गुरुजी स्मृति संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष रखा, जिसे मंजूरी मिल गई।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि “गुरुजी का घर केवल एक मकान नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन और हमारी भावनाओं का केंद्र है। उनके घर की हर वस्तु और हर सामान उनकी संघर्ष यात्रा की याद दिलाता है। इसलिए इसे स्मृति संग्रहालय का रूप देना बेहद आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके जीवन और विचारधारा से प्रेरणा ले सकें।”
वहीं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि “गुरुजी की स्मृतियां अमर रहेंगी। यह संग्रहालय झारखंड की अस्मिता और संघर्ष की गाथा को हमेशा जीवित रखेगा।”
इसके साथ ही दोनों मंत्रियों ने जामताड़ा के चिरुडीह में गुरुजी की स्मृति में एक भव्य पार्क और विशाल प्रतिमा स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा। यह वही भूमि है, जहां से शिबू सोरेन ने अपनी राजनीतिक और सामाजिक लड़ाई की शुरुआत की थी।