शादी का जश्न मातम में बदला! रसगुल्ला खाते ही गले में फंसा और चली गई जान, खुशियों वाले घर में मचा कोहराम

N4N Desk: शादी समारोह के दौरान रसगुल्ला गले में फंसने से 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना एमजीएम थाना क्षेत्र के बेलाजुड़ी पंचायत स्थित मलियंता गांव की है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। खुशियां मातम में बदल गई।

रसगुल्ला
रसगुल्ला फंसने से गई जान - फोटो : social media

N4N Desk: खुशियों के माहौल में कब मातम पसर जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। एक ऐसी ही रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक शादी समारोह के दौरान हंसी-खुशी खाना खा रहे शख्स की महज एक रसगुल्ला खाने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि भोज के दौरान रसगुल्ला खाते समय वह अचानक गले में फंस गया। जिससे शख्स को सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी। जब तक वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते या उन्हें डॉक्टरी सहायता मिल पाती, तब तक उस व्यक्ति की तड़प-तड़प कर जान चली गई। जिस घर से कुछ देर पहले मंगल गीत और शहनाइयों की आवाजें आ रही थीं, वहां अब सिर्फ चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। इस घटना ने न केवल परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

रसगुल्ला खाने से गई जान 

दरअसल, मामला जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के बेलाजुड़ी पंचायत स्थित मलियंता गांव का है। जहां शादी समारोह के दौरान रसगुल्ला गले में फंसने से 41 वर्षीय शख्स की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक ललित सिंह शुक्रवार देर रात करीब एक बजे गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान खाना खाते समय उन्होंने रसगुल्ला खाया, जो अचानक उनके गले में फंस गया। 

सांस लेने में होने लगी दिक्कत 

इसके बाद उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी और उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। वहां मौजूद लोगों ने पहले उनके गले से रसगुल्ला निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। स्थिति गंभीर होते देख परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोग इस अप्रत्याशित घटना को लेकर चर्चा कर रहे हैं।