लंबे समय के इंतजार के बाद जमुई को आखिर मिल ही गया नया जेल, एक साथ ट्रांसफर किए गए इतने बंदी

JAMUI : कई वर्षो के इंतजार के बाद अब जमुई के कैदियों को मिल गया नया जेल। जमुई जिला पदाधिकारी अवनीश कुमार सिंह के निर्देश पर मंडल कारा जमुई में संसीमित बंदियों को नव निर्मित मंडल कारा जमुई में स्थानांतरित किया गया। जमुई डीएम ने बताया कि बंदियों के पुरानी मंडल कारा से नवनिर्मित कारा भवन जमुई में स्थानांतरण के दौरान विधि व्यवस्था, शांति, सुरक्षा एवं सुगम परिवहन की व्यापक व्यवस्था की गई।
नए कारा भवन में बंदियों के स्थानांतरण के मद्देनजर दिनांक 11 अप्रैल 2023 के लिए भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के अंतर्गत अनुमंडल पदाधिकारी जमुई के द्वारा निषेधाज्ञा जारी की गई है।
800 से ज्यादा बंदी हुए ट्रांसफर
पूर्व निर्मित मंडल कारा जमुई से कुल 836 संसीमित बंदियों (785 पुरुष एवं 51महिला) का स्थानांतरण समुचित सुरक्षा व्यवस्था में नवनिर्मित मंडल कारा जमुई में किया गया। बंदियों के स्थानांतरण में प्रयोग में लाए गए पांच वाहन के साथ व्यापक सुरक्षा व्यवस्था (यथा-दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों,पैरामिलिट्री फोर्स एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति) की गई।