बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

कुढ़नी में लगातार दूसरे दिन भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने चलाया जनसंपर्क अभियान, महागठबंधन प्रत्याशी के लिए लोगों से माँगा समर्थन

कुढ़नी में लगातार दूसरे दिन भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने चलाया जनसंपर्क अभियान, महागठबंधन प्रत्याशी के लिए लोगों से माँगा समर्थन

MUZAFFARPUR : बिहार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने आज मुजफ्फरपुर जिला के कुढ़नी विधान सभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव  के लिए महागठबंधन प्रत्याशी मनोज कुशवाहा के पक्ष में माधोपुर, पुरूषोत्तमपुर, अमरख, मनीआरी, छितरौली एवं सोनबरसा सहित अन्य पंचायतों में जनसम्पर्क किया तथा आशीर्वाद एवं समर्थन की अपील की। चौधरी का आज दो दिवसीय चुनावी दौरे दूसरा दिन था। अपने दुसरे दिन के जनसम्पर्क के दौरान चौधरी ने महागठबंधन प्रत्याशी मनोज कुशवाहा के लिए लोगों का समर्थन और आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि जब कोई काम करने निकलता है तो उस दौरान गलती होना स्वाभाविक है। लेकिन जब हम बड़ी विचारधारा के लिए लड़ते हैं तो उस बड़ी विचारधारा को देखना पड़ता है।  

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 21वीं सदी के विकसित बिहार का सपना देखा है और समाज के सभी तबके के लिए काम किया है। सामाजिक, आर्थिक एवं राजनैतिक रूप से कैसे अतिपिछड़ा सबल हो, सशक्त हो इसके लिए उन्होंने अपने 17 वर्ष के कार्यकाल में योजनाओं का निर्माण एवं बजट का प्रावधान किया। राज्य सरकार द्वारा सबसे पहले वर्ष 2007 में पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का नोडल विभाग के रूप में गठन किया। वर्ष 2020-21 में इसका 1659.96 करोड़ बजट था, जो वित्तीय वर्ष 2022-23 में 1878.53 करोड़ हो गया है।  

चौधरी ने कहा कि अल्पसंख्यकों के लिए राज्य सरकार पूर्व से छात्रवृति, मेधावृति, शिक्षा ऋण, रोजगार ऋण, कौशल विकास, परित्यक्ता सहायता आदि योजनाओं का सफल संचालन कर रही है। अगर बजट की बात करें तो जिस अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का बजट वर्ष 2005-06 में मात्र लगभग 3.5 करोड़ था वो बढ़कर आज 600 करोड़ से भी अधिक हो गया है।  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिहार के लगभग 24 हज़ार करोड़ के बजट को 2 लाख 34 हज़ार करोड़ तक पहुँचाया है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी बराबर अनुपात में काम किया है।  बच्चे स्कूल जाएं और शिक्षा बेहतर तौर पर मिल सके।  इसके लिए अल्पसंख्यक के लिए तालिमी मर्कज़ बनाया। दलित बस्तियों के लिए टोला सेवकों की न्युक्ति की साथ ही सड़क, बिजली और अन्य बेहतर से बेहतर आधारभूत संरचना का विकास बिना जाति धर्म देखे, सभी के कल्याण के लिए किया।  

उन्होंने कहा कि AIMIM भाजपा की B टीम है, उनका काम केवल अल्पसंख्यक समाज का वोट काटकर भाजपा को दिलवाना है तो उनके बिरयानी और शेरवानी के चक्कर में नहीं आना है। चौधरी ने आगे कहा कि ऐसा ज़रूरी नहीं कि मुसलमानों की सरपरस्ती का काम काम कोई मुसलमान ही कर सकता है। उन्होंने कहा कि  जिन महात्मा गाँधी ने हिन्दू मुस्लिम एकता के लिए इतना बड़ा बलिदान दिया वो कोई मुसलमान नहीं थे। साथ ही चौधरी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल और पंडित नेहरू का उदाहरण देते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने इस देश की गंगा - जमुनी तहज़ीब को बनाये रखने के लिए कुर्बानी देकर हिन्दू - मुस्लिम एकता को बनाये रखा है। नीतीश कुमार ने उसी प्रकार से इस राज्य के सभी वर्गों के लिए बिना किसी  भेद - भाव के, उनके विकास के लिए काम किया है। 

इस अवसर पर भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी के साथ युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु भारद्वाज, जदयू के प्रदेश सचिव रंजीत कुमार झा, जदयू नेता विद्यानन्द सिंह, युवा नेता मनीष कुमार सिंह, ज़िला जदयू अध्यक्ष मनोज कुमार,  कांग्रेस नेता इंजीनियर संजीव , जदयू नेता अशोक चौधरी समेत गणमान्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Suggested News