बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

बिहार विनियोग (संख्या-2) विधेयक 2022-23 बिहार विधानसभा में हुआ पारित, पढ़िए पूरी खबर

बिहार विनियोग (संख्या-2) विधेयक 2022-23 बिहार विधानसभा में हुआ पारित, पढ़िए पूरी खबर

PATNA : आज बिहार विधानसभा से बिहार विनियोग (संख्या-2) विधेयक 2022 पारित हो गया। सदन में बिहार के उपमुख्यमंत्री -सह- वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि 25 फरवरी 2022 को राज्यपाल के संबोधन के साथ बिहार विधानमंडल का बजट सत्र प्रारंभ हुआ था। 28 फरवरी 2022 को वर्ष 2022-23 का वार्षिक वित्तीय विवरण सदन के पटल पर रखा गया था, जिसमें आंकड़ों के साथ राज्य की प्राप्तियां एवं व्यय का लक्ष्य निहित था। सदस्यों द्वारा बजट 2022-23 पर सामान्य विचार विमर्श के क्रम में बहुमूल्य विचार व्यक्त किए और बजट सामान्य विचार विमर्श पर सरकार का उत्तर भी सदन के समक्ष पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के वार्षिक आय-व्ययक के लिए अनुदान की मांगों पर वाद-विवाद एवं मतदान 8 मार्च 2022 से आरंभ होकर 25 मार्च 2022 को समाप्त हो गया। अनुदान की मांगों पर पक्ष-विपक्ष की ओर से कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जिसके लिए उपमुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष और सदस्यों को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा के विगत कई वर्षों से हमारी सरकार का लक्ष्य राज्य के समावेशी, सतत् एवं सर्वांगीण विकास का रहा है। वर्ष 2022-23 के बजट में राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए छ: महत्वपूर्ण सूत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग एवं उद्योग में निवेश, कृषि और संबद्ध क्षेत्र, ग्रामीण एवं शहरी आधारभूत संरचना तथा विभिन्न वर्गों का कल्याण शामिल है। उन्होंने कहा कि बिहार के सतत् विकास के लिए वर्ष 2015 में राज्य सरकार द्वारा विकसित बिहार के सात निश्चय योजना प्रारंभ की गई थी, इसके अंतर्गत 5 वर्षों के लिए विकास के सात लक्ष्य निर्धारित किए गए थे। सात निश्चय के अंतर्गत आरक्षित रोजगार महिलाओं का अधिकार एवं हर घर बिजली निश्चय के लक्ष्य प्राप्त किए जा चुके हैं। शेष लक्ष्यों को पूर्ण करने की कार्यवाही की जा रही है।

उपमुख्यमंत्री ने सदन में वक्तव्य देते हुए कहा कि विकसित बिहार के लिए सफलतापूर्वक क्रियान्वित सात निश्चय-1 की उपलब्धियां उत्साहवर्धक रही है। सरकार द्वारा 5 वर्षों (2020 से 2025) के लिए सात निश्चय-2 योजना प्रारंभ की गई है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में उसके लिए 5000 करोड रुपए का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट के विस्तृत आंकड़ों को सदन के पटल पर रखा जा चुका है, जिस पर विस्तृत चर्चा की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि बिहार विनियोग (संख्या-2) विधेयक 2022 से कुल  241206.9535 करोड़ रुपए की राशि समेकित निधि से विनियोजन किया जाना है। विनियोजित राशि में 208608.9119 करोड़ रुपए मतदेय (वोटेड) एवं 32598.0416 करोड़ रुपए भारित (चार्जड) है। तत्पश्चात् बिहार विधानसभा में बिहार विनियोग (संख्या-2) विधेयक 2022 ध्वनिमत से पारित हो गया।


विवेकानंद की रिपोर्ट 

Suggested News