पटना। नए पुलिस बिल को लेकर बिहार में सरकार और विपक्ष के बीच जमकर आरोप प्रत्यारोप किया जा रहा है। इन सबके बीच राजद से एमएलसी सुबोध राय ने एक शर्मनाक बयान दिया है। उन्होंने जदयू एमएलसी संजय सिंह को सीएम का पिल्ला करार दिया है। सुबोध सिंह ने संजय सिंह का नाम लेते हुए कहा कि सीएम मेरे सामने अपने पिल्ले को भेजते हैं, भेजें। वैसे पिल्ले को हम रात दिन चलाते रहते हैं। ऐसे लोग यहां नहीं चलेंगे, उन्हें अपने घर में बांध के रखिए।
दरअसल, सुबोध सिंह की नाराजगी इस बात को लेकर थी विधान परिषद में अपनी बात रखने के दौरान संजय सिंह उनके सीट के सामने आकर खड़े हो गए। सुबोध सिंह ने कहा कि हम कल सदन में जो कुछ हुआ उसको लेकर अपना विरोध जता रहे थे, लेकिन सीएम ने हमें ऐसा करने से रोकने के लिए संजय सिंह को आगे कर दिया। सुबोध सिंह ने कहा कि सीएम कहते हैं कि सभी विधायक उनकी सरकार का अंग हैं, तो हम उनके पूछना चाहते हैं कि जब पुलिस के लोग हमारे साथियों को पीट रहे थे तो उन्हें रोकने की कोशिश क्यों नहीं की।
उन्होंने कहा कि आप लोग क्या दिखाना चाहते हैं गुंडई करना चाहते हैं। यहीं पर दिखा देते हैं गुंडई कैसे गुंडई होता है। हमने चुड़ी नहीं पहनी है मुख्यमंत्री को यहां पर चूड़ी पहनाने आए हैं। जिस तरह से विधायकों पर पिटाई किया गया पुलिस के द्वारा आजादी के बाद आप लोग भी बताइए कि पहला बार कोई सदन में पुलिस का घुसपैठ हुआ है।माननीय सदस्यों को पीटा गया। महिला विधायकों के साथ छेड़खानी की गई, उसके साड़ी खोला गया। यह कहां का लोकतंत्र का नियम है।