सावन के पहले दिन से बिहारवासियों को मिलेगी गर्मी से राहत ! मौसम विभाग का ताजा अपडेट, जान लीजिए...

सावन के पहले दिन से बिहारवासियों को मिलेगी गर्मी से राहत ! म

PATNA: आज से सावन माह की शुरुआत हो गई है। सावन के पहले सोमवारी को लेकर शिवालय में भारी भीड़ जुटी हुई हैं। वहीं आज से बिहारवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है। पिछले कई दिनों से पटना सहित सभी जिलों के लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। वहीं अब मौसम विभाग का बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग की मानें तो बिहार के लोगों को जल्द ही गर्मी से राहत मिल सकती है। 

दरअसल, राज्य में सोमवार और मंगलवार को बारिश के आसार हैं। पटना सहित 26 जिलों में गरज एवं चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, बिहार वासियों को मानसून की झमाझम बारिश के लिए अभी इंतजार करना होगा। 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी मानसून की ट्रफ लाइन बिहार या उसके आसपास के राज्यों में मौजूद नहीं है। ट्रफ लाइन आने के बाद ही प्रदेश में तेज बारिश होने की उम्मीद है। बिहार में अब तक मानसून की बारिश 405.7 मिलीमीटर होनी चाहिए, लेकिन 302.5 मिलीमीटर ही हुई है। यह सामान्य से 25 प्रतिशत कम है।

पटना सहित प्रदेश के ज्यादातर शहरों में रविवार को बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई। इससे लोगों को आंशिक तौर पर गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पटना सहित 25 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई, वहीं 10 शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। प्रदेश का सबसे गर्म जिला 37.4 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज रहा।