बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

बिहार में अभी से ही भाजपा ने कर दिया ऐलान, बता दिया कौन बनेगा 2025 में एनडीए का मुख्यमंत्री

बिहार में अभी से ही भाजपा ने कर दिया ऐलान, बता दिया कौन बनेगा 2025 में एनडीए का मुख्यमंत्री

PATNA :  बिहार में विधानसभा चुनाव में अभी तीन साल का समय शेष है। लेकिन बिहार में 2025 में कौन एनडीए का मुख्यमंत्री बनेगा, इसका ऐलान भाजपा ने अभी ही कर दिया है। बिहार में भाजपा और जदयू नेताओं के बीच चल रही जुबानी लड़ाई के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने साफ कर दिया है कि बिहार में एनडीए अगला चुनाव भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ी जाएगी और वह ही 2025 में एनडीए में सीएम का चेहरा होंगे।

दरअसल,केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मंगलवार को पटना आए। प्रधान एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास एक अणे मार्ग गए। वहां दोनों नेताओं के बीच घंटे भर की लंबी बातचीत हुई। इसके बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे प्रधान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार में राजग के नेता नीतीश कुमार हैं और 2025 तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। 

दोनों पार्टियों के बीच कड़वाहट कम करने की कोशिश

भाजपा नेताओं के अनुसार प्रधान का यह दौरा पूरी तरह से राष्ट्रपति चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू की आगामी बिहार यात्रा पर केंद्रित रही। हालांकि, बिहार राजग के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि प्रधान के यात्रा का दूसरा पक्ष अग्निपथ योजना को लेकर जदयू-भाजपा नेताओं के बीच बढ़ रही कड़वाहट को भी कम करना है।

एक पखवारे के अंदर राजग में भाजपा-जदयू नेताओं के बीच कई बिंदुओं पर खुलकर मतभेद  दिखा है। इसमें जातिगत जनगणना, समान नागरिक संहिता, जनसंख्या नियंत्रण कानून, एनआरसी और अग्निपथ योजना को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच तू-तू, मैं-मैं की स्थिति बनी थी। ऐसे में महज डेढ़ महीने के अंदर दूसरी बार प्रधान की बिहार दौरे को लेकर राजग नेताओं के बीच तमाम निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। 

मिल सकता है बिहार का प्रभार

केंद्रीय मंत्री बनने के बाद से पिछले कई महीने से भाजपा के मौजूदा प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव बिहार नहीं आए। पार्टी के कई अहम बैठक में भी शामिल होने नहीं आए। ऐसे में परोक्ष रूप से प्रधान के दौरे को बिहार प्रभारी के रूप में जदयू-भाजपा के बीच बढ़ रही खाई को पाटने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। जिस तरह से बिहार में धमेंद्र प्रधान सक्रिय नजर आ रहे हैं, उसके बाद माना जा रहा है कि उन्हें पार्टी में बिहार की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

भाजपा नेताओं के साथ की बैठक

इससे पहले शाम में प्रधान ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी वरिष्ठ नेताओं और भाजपा कोटे से राज्य सरकार में शामिल मंत्रियों के साथ अनौपचारिक बैठक भी की। इसके अलावा अलग से प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल और बिहार भाजपा के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया के साथ मंत्रणा की।

वहीं प्रधान के पटना पहुंचने पर एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी संजय मयूख, राज्यसभा सदस्य विवेक ठाकुर, एमएलसी अनिल शर्मा और भाजयुमो के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय के अलावा कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Suggested News