बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

CBI विवाद: CVC के सामने पेश हुए आलोक वर्मा , भ्रष्टाचार मामले में हुई पूछताछ

CBI विवाद: CVC के सामने पेश हुए आलोक वर्मा , भ्रष्टाचार मामले में हुई पूछताछ

NEW DELHI : भ्रष्टाचार का आरोप झेलने के बाद लंबी छुट्टी पर भेजे गए सीबीआई के निदेशक आलोक वर्मा और विशेष निदेशक राकेश अस्थाना गुरुवार को केन्द्रीय सतर्कता आयुक्त (सीवीसी) के समक्ष पेश हुए। इस दौरान केन्द्रीय सतर्कता आयुक्त वी चौधरी ने आलोक वर्मा से  पूछताछ की। माना जा रहा है कि आलोक वर्मा ने  अपने उपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अपना पक्ष रखा। सूत्रों ने अनुसार आलोक वर्मा ने अपने उपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से इंकार किया है।  गौरतलब है कि राकेश अस्थाना ने आलोक वर्मा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सीवीसी से शिकायत की थी। इसी शिकायत के आधार पर सीवीसी आलोक वर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच कर रहा है।

इससे पहले कैबिनेट सचिव प्रदीप सिन्हा को शिकायत में राकेश अस्थाना ने ऐसे 10 मौके बताए थे जब उनकी तरफ से की जा रही जांच में आलोक वर्मा ने दखलंदाजी की थी। जिसके बाद सिन्हा ने राकेश अस्थाना की शिकायत को सीवीसी के पास भेज दिया। सीबीआई की तरफ से किए जा रहे भ्रष्टाचार मामलों की जांच का अधिकार सीवीसी के पास है। 

सूत्रों के अनुसार आलोक वर्मा और राकेश अस्थाना दोपहर एक बजे केन्द्रीय सतर्कता आयोग पहुंचे और करीब एक घंटे रुके। केन्द्रीय सतर्कता आयुक्त वी चौधरी ने दोनों से पूछताछ की।

2 हफ्ते में जांच पूरा करने का SC का है आदेश

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने 26 अक्टूबर को केन्द्रीय सतर्कता आयोग से अस्थाना द्वारा वर्मा पर लगाए गए आरोपों की जांच 2 सप्ताह के भीतर करने को कहा था। वर्मा और अस्थाना को केन्द्र सरकार ने छुट्टी पर भेजा हुआ है।

क्या है मामला

वर्मा और सीबीआई के विशेष निदेशक राकेश अस्थाना में खींचतान की वजह से दोनों को 23 अक्टूबर उनके अधिकार वापस ले कर छुट्टी पर भेज दिया गया था। दोनों ने एक दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। केंद्रीय सतर्कता आयोग  ने सिफारिश की थी कि वर्मा और अस्थाना को छुट्टी पर भेज दिया जाए और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम गठित की जाए। इसके कुछ घंटों बाद ही सरकार ने कार्रवाई की थी। छुट्टी पर भेजे जाने को आलोक वर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

Suggested News