बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

नक्सली हमले में CRPF के 22 जवान शहीद, 15 नक्सली भी ढेर, एसपी ने की पुष्टि

नक्सली हमले में CRPF के 22 जवान शहीद, 15 नक्सली भी ढेर, एसपी ने की पुष्टि

DESK : छत्तीसगढ़ के बीजापुर-सुकमा में शनिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सीआरपीएफ के 22 जवान शहीद हो गए हैं। इसकी पुष्टि खुद सुकमा एसपी ने की है। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में 15 नक्सली भी मारे गए है। इससे पहले तक सिर्फ आठ जवानों के मारे जाने और बाकि के गुम होने की बात कही जा रही थी। हालांकि शहीद होनेवाले जवानों के नाम के बारे में अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, 2 अप्रैल की रात बीजापुर और सुकमा से DRG, STF, CRPF और कोबरा बटालियन के जवानों को नक्सलियों का गढ़ कहे जाने वाले दक्षिण बस्तर इलाके में ज्वाइंट ऑपरेशन के लिए भेजा गया था। इस पार्टी में बीजापुर के तर्रेम से 760, उसूर से 200, पामेड़ से 195, सुकमा के मिनपा से 483 और नरसापुरम से 420 जवान रवाना किए गए थे। अगले दिन शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सुकमा-बीजापुर बार्डर पर सुकमा जिले के जगरगुंडा क्षेत्र के जोनागुड़ा गांव के पास नक्सलियों से मुठभेड़ हुई।

हथियार, जूते और कपड़े लेकर भागे नक्सली

गांव के करीब और जंगल में शहीद जवानों के शव मिले हैं। नक्सली उनके हथियार, जूते और कपड़े तक लेकर चले गए हैं। इससे पहले शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने 5 जवानों के शहीद होने की पुष्टि की थी और 21 जवान लापता बताए जा रहे थे।  बस्तर आईजी सुंदरराज के अनुसार घटनास्थल के आसपास अभी भी नक्सलियों के मौजूदगी की आशंका है। ऐसे में रिइंफोर्समेंट पार्टी सावधानी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कोबरा बटालियन के एक जवान की शहादत की जानकारी दी थी।  माना जा रहा है कि इस दौरान नक्सलियों की संख्या 250 के करीब थी। इस मुठभेड़ में घायल शनिवार देर रात तक 30 घायल जवानों को इलाज के लिए बीजापुर लाया जा चुका था। वहीं कई जवान लापता बताए जा रहे थे।

नक्सली लीडर हिड़मा के गांव में हुई मुठभेड़
 मामले में बताया गया कि मुठभेड़ झीरम हमले के मास्टरमाइंड हिड़मा के गांव में हुई है। हमला करने वाले नक्सली उसी की टीम के सदस्य थे। काफी लंबे समय से गांव में नक्सलियों का जमावड़ा लग रहा था। इसकी सूचना पर जवान पहुंचे थे।

पीएम और गृहमंत्री ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोंदी जवानों के शहादत पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि मेरे विचार छत्तीसगढ़ में माओवादियों से लड़ते हुए शहीद हुए जवानों के परिवारों के साथ हैं। वीर शहीदों की कुर्बानियों को हमेशा याद रखा जाएगा। घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुठभेड़ में पांच जवानों के शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश उनकी वीरता को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने ट्वीट करके कहा, 'छत्तीसगढ़ में नक्सलियों से लड़ते हुए शहीद हुए हमारे बहादुर सुरक्षाकर्मियों के बलिदान को नमन करता हूं।

शाम को पहुंचेंगे सीएम बघेल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुठभेड़ के संबंध में छत्तीसगढ़ के मख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात की। गृह मंत्री के आदेश पर सीआरपीएफ के महानिदेशक कुलदीप सिंह स्थिति का जायजा लेने के लिए आज सुबह छत्तीसगढ़ पहुंचे। सीएम बघेल आज शाम तक असम से छत्तीसगढ़ लौट आएंगे।  






Suggested News