बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

बोचहां में BJP को अपनों के विरोध से छूटे पसीने, मंत्री-पूर्व मंत्री की लड़ाई से भी भाजपा कैंडिडेट को नुकसान, अध्यक्ष व पूर्व मंत्री की मुलाकात से भी नहीं बनी बात !

बोचहां में BJP को अपनों के विरोध से छूटे पसीने, मंत्री-पूर्व मंत्री की लड़ाई से भी भाजपा कैंडिडेट को नुकसान, अध्यक्ष व पूर्व मंत्री की मुलाकात से भी नहीं बनी बात !

PATNA: बिहार विस की बोचहां सीट पर कल वोटिंग है। वोटिंग से पहले बीजेपी,राजद और वीआईपी ने सारी ताकत झोंक दी। इस बार भाजपा को इस सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान भारी विरोध का सामना करना पड़ा है। यहां पर बीजेपी को विरोधी से अधिक अपनों से दो-चार होना पड़ा है। स्थिति ऐसी रही कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को भी भारी विरोध झेलना पड़ा। विरोध की वजह से उन्हें पीछे हटना पड़ा था। वही हाल बीजेपी के अन्य नेताओं की भी रही। भाजपा के कोर वोटरों ने इस बार दल के नेताओं को खूब खरी-खोटी सुनाई। अगर भाजपा का कोर वोटर टूटा या निष्क्रिय रहा तो फिर भाजपा कैंडिडेट की नैया पार लगना मुश्किल है।

अपनों के विरोध से छूटे पसीने

बोचहां सीट में लड़ाई त्रिकोणात्मक है। भाजपा की बेबी कुमारी, राजद के अमर पासवान और वीआईपी के गीता देवी के बीच लड़ाई है। वैसे त्रिकोणात्मक लड़ाई की वजह से भाजपा नेतृत्व आस लगाये बैठा है कि वोट बंटवारे में उनकी जीत सुनिश्चित है।दूसरी तरफ बोचहां में भाजपा नेताओं को जिस तरह से विरोध का सामना करना पड़ा है उससे नेतृत्व चिंतित है। न सिर्फ छोटे नेताओं बल्कि प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल को भी 9 अप्रैल को खबड़ा गांव में भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। विरोध को देखते हुए अध्यक्ष वहां से तुरंत निकल लिए। दरअसल, बोचहां सीट पर इस बार बीजेपी कोर वोटरों में भारी नाराजगी है। सहनी वोटरों की संख्या करीब 38 हजार है। यह वोट काफी निर्णायक है। मुकेश सहनी को एनडीए से निकाले जाने के बाद से सहनी वोटर काफी गुस्से में है। पासवान वोटर भी राजद प्रत्याशी के पक्ष में बताये जाते हैं। यह वोटर भी भाजपा प्रत्याशी को हराने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। 

पूर्व - वर्तमान मंत्री की लड़ाई से भी नुकसान

बीजेपी का कोर वोटर भूमिहार है, जिसकी संख्या करीब 35 हजार है. वो भी भारी गुस्से में है। उन वोटरों के बीच यह बात बड़ी तेजी से फैली है कि भाजपा को अब इस समाज के वोट से कोई मतलब नहीं। हाल के दिनों में कई ऐसे वाकये हुए जिससे इस समाज के वोटरों में साफ मैसेज गया है। कई नेताओं को किनारे लगा दिया गा है।  वहीं मुजफ्फरपुर में तात्कालिक कारण भी भाजपा प्रत्याशी के विरोध में जा रहा। वहां पर पूर्व व वर्तमान मंत्री के बीच सीधी भिड़ंत है। इसका नुकसान दल को हो रहा है।  

संजय जायसवाल- सुरेश शर्मा की मुलाकात से भी नहीं बनी बात !

बीजेपी कोटे के एक मंत्री व मुजफ्फरपुर से आने वाले दल के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री में खुल्लम-खुल्ला लड़ाई चल रही है। इस लड़ाई में बीजेपी नेतृत्व चुप है या फिर वर्तमान मंत्री के पक्ष में खड़ा है। इस वजह से भी बोचहां इलाके के भूमिहार वोटर खासे नाराज हैं। भूमिहार वोटरों में यह मैसेज गया है कि नेतृत्व के इशारे पर ही बीजेपी कोटे के मंत्री इस समाज के नेताओं को परेशान करने की साजिश रच रहे। बोचहां में कई इलाकों में भूमिहार वोटरों की भारी नाराजगी और प्रदेश अध्यक्ष के सामने भारी विरोध के बाद नेतृत्व की नींद खुली है। 10 अप्रैल को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा से मुलाकात भी की। बताया जाता है कि अध्यक्ष ने पूर्व मंत्री को मनाने की कोशिश की। साथ ही अपने लोगों में भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की। लेकिन सुरेश शर्मा की तरफ से अस्वस्थता की बात कह सीधे तौर पर अपने आप को अलग कर लिया गया। इस तरह से भाजपा नेतृत्व की लाख कोशिश के बाद भी कोर वोटरों में नाराजगी को पूरी तरह से खत्म नहीं किया जा सका। वहीं, इस बार के उप चुनाव में बोचहां में जेडीयू के कार्यकर्ता भी उत्साह से नहीं लगे हैं। लिहाजा राजद कैंडिडेट अमर पासवान के लिए राह आसान दिख रही। हालांकि लड़ाई जीतने के लिए भाजपा ने भी हर मुमकिन कोशिश की है। 

जानें किस जाति के कितने वोटर

बता दें, बोचहां सीट पर कुल वोटरों की संख्या 2 लाख 90 हजार 955 है। जिसमें मुसलामान वोटरों की संख्या करीब 40 हजार है। वहीं करीब 35 हजार भूमिहार वोटर हैं। यादव वोटरों की संख्या करीब 27 हजार, कोइरी 15 हजार, मल्लाह 38 हजार,पासवान 27 हजार,चमार जाति के वोटरों की संख्या करीब 23 हजार, तेली वोटरों की संख्या 14 हजार, ब्राह्मण 8 हजार, राजपूत 9 हजार,कुर्मी वोटरों की संख्या 8.5 हजार,कलवार 5 हजार, मुशहर 5 हजार,लोहार 6 हजार,नोनिया-ततवा 9 हजार, पासी 3 हजार,धोबी 3 हजार, समेत कुछ अन्य जातियों के वोटर हैं। 

Suggested News