भागलपुर में संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
BHAGALPUR: भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थिति में एक विवाहित की मौत हो गई। मृतका की पहचान बरारी रेलवे कॉलोनी निवासी सोनू तांती की 24 वर्षीय पत्नी श्वेता कुमारी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद मृतका के मायकेवालों में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
वहीं इस घटना में लड़के वालों का कहना है कि श्वेता और उसके पति सोनू के बीच बीती रात विवाद हुआ था। पति ने उसे एक थप्पड़ मारा था। जिस कारण उसने गले में फंदा डालकर खुदकुशी कर ली है। वहीं मृतिका के मायके वालों ने ससुरलवालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
दरअसल बांका जिले के महेश मंडल की पुत्री श्वेता की शादी 2017 में बरारी निवासी दिनेश तांती के पुत्र सोनू से हुई थी। शादी के कुछ वर्षो बाद ही दोनों पति पत्नी के बीच अकसर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। लड़की वालों ने लड़का पक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा है कि पहले भी श्वेता के साथ मारपीट हुई थी। जिसके बाद पिछले एक साल तक वह अपने मायके में ही रह रही थी। हालांकि महिला थाने में शिकायत दर्ज करने के बाद दोनों परिवार के बीच सुलह हो गया था। लेकिन बीती रात उसे मारपीट कर हत्या कर दी गई है।
वहीं सोनू की मां ने बताया कि दोनों पति पत्नी के बीच विवाद का क्या कारण था इसकी जानकारी परिजनों को नही है लेकिन लड़की वाले उनपर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। इधर घटना की जानकारी मिलने पर बरारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के पति सोनू को हिरासत में ले लिया है। बता दें की सोनू ड्राइवरी का काम करता है और श्वेता से उसे 5 और 3 साल की दो लड़की है। फिलहाल मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंच रही है,जबकि दोनों परिवार में मातम पसरा हुआ है।