बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

"सरकार के इशारे पर अखबार नहीं छापते खबर", नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने लगाया आरोप

"सरकार के इशारे पर अखबार नहीं छापते खबर",  नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने लगाया आरोप

PATNA : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने आरोप लगाया है कि सरकार के इशारे पर नेता प्रतिपक्ष के प्रेस रिलीज की राजधानी के कुछ प्रमुख अखबारों द्वारा उपेक्षा की जाती है और नहीं छापा जाता है। दिनांक 24-11-2023 को अपने सरकारी आवास 1 पोलो रोड में आयोजित प्रेस वार्ता के बाद जारी प्रेस रिलीज को कुछ प्रमुख अखबारों द्वारा उपेक्षा पर वे अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे।

सिन्हा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में सरकार की खामियों को उजागर करना उनका कर्तव्य है। इसी कर्तव्य निर्वहन में उनके द्वारा मीडिया के माध्यम से राज्य की जनता को वे वास्तविकता से अवगत कराते हैं। परन्तु उनके समाचार को छपने से रोका जाता है। इसका उदाहरण उनके 24 नवंबर के प्रेस कॉन्फ्रेंस का समाचार रोकना है। सिन्हा ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को साधुवाद देते हुए कहा है कि वे निरपेक्ष भाव से सरकार और विपक्ष दोनों के समाचार को महत्व देते हैं। यह स्वस्थ परंपरा है। 

सिन्हा ने कहा कि विज्ञापन के माध्यम से सरकार मीडिया पर नियंत्रण रखती है। मुख्यमंत्री केंद्र सरकार पर बार-बार झूठा आरोप लगाते हैं। वास्तविकता यह है कि उनके दल के लोग और मंत्री, नेता प्रतिपक्ष के समाचार को नहीं छपने देते हैं। यह लोकतंत्र की हत्या है। सिन्हा ने कहा कि सरकार द्वारा यह परंपरा कायम करना अनुचित एवं अनैतिक है। उनके प्रेस विज्ञप्ति का सम्मान होना चाहिए। सरकार के समाचार और मुख्यमंत्री की स्तुति में पूरा अखबार भरा रहता है। 

सिन्हा ने कहा कि 15 माह से वे नेता प्रतिपक्ष के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा अघोषित सेंसरशिप पर उन्हें दया आती है। हम हमेशा जनता के बीच बने रहते हैं।  हमें अपने पार्टी पर नाज है, हम रोटी का इंतजाम करने के बाद राजनीति और जनसेवा में आये हैं ना कि राजनीति से रोटी कमाने आये हैं। सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता  और विपक्ष दोनों का महत्व है। दोनों की बातों को जनता के समक्ष प्रमुखता से रखने की जिम्मेवारी लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ की है। यदि आवश्यकता पड़ी तो वे प्रामाणिकता के साथ कुछ समाचार पत्रों के राष्ट्रीय प्रमुख के सामने अपनी बात रखेंगे ताकि लोकतंत्र जीवित रहे।

Suggested News