पटना... नई सरकार के गठन के बाद बिहार विधानसभा का पहले सत्र का आज अंतिम दिन है। सदन में अंतिम दिन तेजस्वी यादव का 56 मिनट का संबोधन हुआ। इस दौरान सत्ता पक्ष पर जमकर हमला बोला। खास तौर पर नीतीश कुमार पर पूरे संबोधन के दौरान उग्र शब्दों का इस्तेमाल करते नजर आए। शुरुआत से ही तेजस्वी यादव सरकार के भ्रष्टाचारों को गिनाते नजर आए। कोरेाना काल से लेकर चुनाव प्रचार के दौरान किए गए कटाक्षों को बारी-बारी से गिनाते नजर आए। पूरे संबोधन के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आक्रमक रूख अपनाए रहे।
तेजस्वी यादव चुनाव प्रचार के दौरान नीतीश कुमार की ओर से लालू के बच्चों पर बोले गए बातों को लेकर आक्रमक रहे। तेजस्वी ने सदन में कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान नीतीश कुमार का बौखलाहट निकल रहा था, कुर्सी जाने के डर से पता नहीं क्या-क्या बोल रहे थे। उन्होंने हमारे पिताजी के बारे में क्या-क्या कहा। आप कह रहे थे मुख्यमंत्री जी कि लड़की पर भराेसा नहीं था, इसलिए लड़कों की चाहत में लड़की पैदा करते रहे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि शायद आपको पता नहीं मुख्यमंत्री जी दो लड़कों के बाद भी हमारी एक छोटी बहन है। तेजस्वी यादव ये सारी बातें नीतीश कुमार की तरफ देख कर बोलते रहे तो अध्यक्ष ने टोक दिया कि आप आसन की तरफ देख कर बोलें। इस बीच अध्यक्ष ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सयंमित भाषा का ही प्रयोग करें।