बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

नालंदा में आयोजित होगा 550 वां प्रकाश पर्व, तैयारियों के लिए डीएम ने की बैठक

नालंदा में आयोजित होगा 550 वां प्रकाश पर्व, तैयारियों के लिए डीएम ने की बैठक

NALANDA : इस साल नालंदा के विश्व शांति स्तूप के स्थापना के 50 साल और गुरु नानक देव के जन्म का 550 साल पूरा हो रहा है. इसके लिए अक्टूबर माह में वर्षगांठ समारोह का और दिसंबर माह में प्रकाश पर्व का आयोजन किया जायेगा. दोनों कार्यक्रमों का आयोजन राजगीर में प्रस्तावित है. इस मामले को लेकर मंगलवार को जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी. 

बताया जा रहा है की विश्व शांति स्तूप के स्थापना के 50 वें वर्षगांठ समारोह में भारत के राष्ट्रपति के शिरकत करने की संभावना है. मुख्य समारोह शांति स्तूप के समीप आयोजित किया जाएगा. इसी दिन दोपहर में आर आई सी सी राजगीर में भी महात्मा बुद्ध के जीवन संदेश पर आधारित परिचर्चा एवं उनकी जीवनी तथा संदेश पर आधारित नाटिका का प्रदर्शन किया जाएगा. इस आयोजन को लेकर शांति स्तूप तक जलापूर्ति के लिए जर्जर पाइप लाइन को पीएचईडी की ओर से बदला जा रहा है. जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को यह कार्य अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया है. शांति स्तूप जाने वाली सीढ़ियों की मरम्मती और रखरखाव का कार्य वन विभाग की ओर से किया जा रहा है. सीढ़ियों पर दो स्थानों पर पेयजल , अस्थाई शौचालय और मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को दिया गया. इस अवसर पर फ्यूजी गुरुजी के जीवन दर्शन पर आधारित पेंटिंग का प्रदर्शन 23 अक्टूबर से किया जाएगा. इस समारोह में जापान सहित अन्य देशों के सैकड़ों बौद्ध श्रद्धालु शामिल होंगे. समारोह के अवसर पर सारी व्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन विभाग, बिहार की ओर से की जाएगी. इस समारोह के अवसर पर राजगीर के महत्वपूर्ण भवनों पर महात्मा बुद्ध एवं उनके संदेश को पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा. इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर को ऐसे भवनों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया. समारोह के अवसर पर जगह जगह पर आवश्यक संकेत चिन्ह हिंदी/ अंग्रेजी/ जापानी एवं अन्य भाषा में प्रदर्शित करने के लिए जरूरी स्थलों को चिन्हित करने का भी निर्देश दिया गया.

गुरु नानक देव के 550 वें प्रकाश पर्व समारोह का आयोजन दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में संभावित है. इस अवसर पर हजारों की संख्या में सिख श्रद्धालु राजगीर में शिरकत करेंगे. उनके आवासन के लिए स्टेट गेस्ट हाउस राजगीर के लिए चिन्हित भूखंड पर लगभग 25 एकड़ क्षेत्रफल में टेंट सिटी का निर्माण किया जाएगा. हॉकी ग्राउंड में दीवान हॉल एवं लंगर की व्यवस्था की जाएगी. यह व्यवस्था पर्यटन विभाग बिहार की ओर से सुनिश्चित किया जाएगा. जिला पदाधिकारी ने टेंट सिटी, दीवान हॉल एवं लंगर हॉल के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन के लिए आवश्यक लोड का आकलन सुनिश्चित करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति को दिया. आवश्यकतानुसार विद्युत कनेक्शन के लिए संसाधनों की समय पर उपलब्धता एवं संस्थापन सुनिश्चित करने को कहा गया है. सभी विद्युत कनेक्शन का सेफ्टी ऑडिट बिजली विभाग की ओर से की जाएगी. कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को पेयजल और शौचालयों की आवश्यकता का आकलन सुनिश्चित करने को कहा गया. कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत राजगीर को साफ सफाई के लिए आवश्यक संसाधनों का आकलन कर समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इस अवसर पर राजगीर एवं आसपास के क्षेत्र के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर को संयुक्त रूप से दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर, कार्यपालक अभियंता भवन /पीएचईडी/ विद्युत, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत राजगीर, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजगीर, अंचल अधिकारी राजगीर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

नालंदा से राज की रिपोर्ट

Suggested News