नदी में बहती मिली महिला की लाश, गले पर था काला निशान, पुलिस ने माना - हत्या से जुड़ा हो सकता है मामला

NALANDA : जिले के  बिंद थाना क्षेत्र के ताजनीपुर खंधा स्तिथ गोइठवा नदी में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी मच गई। बदमाशों ने महिला की गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंक दिया है। महिला कौन है इसकी अभी तक पहचान नहीं हुई है। 

मामले में बताया गया कि सुबह खेत जा रहे ग्रामीणों की नजर जब नदी में तैरते शव पर पड़ी तब जाकर इसका खुलासा हुआ। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना थाना को दी । सूचना मिलते ही बिंद थाना पुलिस मौके पर पहुचकर ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दी है। 

पुलिस के अनुसार महिला के गले में काला निशान है। जिसे देखने से प्रतीत होता है कि महिला की गला घोंटकर हत्या करने के बाद, शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से नदी में फेंक दिया गया है। थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि महिला की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है। पहचान हेतु शव को सदर अस्पताल में सुरक्षित रखा गया। शव को देखने से प्रतीत होता है कि हत्या कर उसकी लाश को यहां लाकर फेंक दिया गया है।