आज से रांची-पटना सहित पांच रुटों पर दौड़ेगी वंदे भारत, पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

PATNA : पटना के लोगों को दो साल का इंतजार आज खत्म हो जाएगा। आज से पटना और रांची के बीच वंदे भारत का नियमित परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। पीएम मोदी मध्य प्रदेश के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए इस ट्रेन को रांची से हरी झंडी दिखाकर पटना के लिए रवाना करेंगे। इस ट्रेन को लेकर लोगों को बीच गजब का उत्साह नजर आ रहा है। 

सुबह 10.30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन स्पेशल के रूप में इसे रांची से पटना के लिए चलाया जाएगा, जबकि बुधवार से यह ट्रेन पटना से रांची और रांची से पटना के बीच नियमित रूप से चलेगी।

इधर, पटना से सोमवार सुबह सवा चार बजे ट्रेन रैक को रांची भेजा गया। यह ट्रेन मंगलवार को उद्घाटन स्पेशल (नंबर 02439 )के रूप में चलेगी, इसके बाद इस ट्रेन का 28 से नियमित परिचालन होगा। इस ट्रेन में बुकिंग चालू हो गयी है। बुधवार से पटना से यह ट्रेन सुबह 7 बजे खुलेगी और दोपहर बाद एक बजे रांची पहुंचेगी। जबकि रांची से शाम 4.15 बजे खुलेगी और रात 10.05 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। वंदे भारत हफ्ते में छह दिन ही चलेगी।

Nsmch
NIHER

रानी कमलापति स्टेशन से पीएम दिखाएंगे हरी झंडी

दरअसल, 27 जून को पीएम मोदी मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। सुबह करीब 10:30 बजे प्रधानमंत्री रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। जहां से एक साथ पांच वंदे भारत को वह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसमें रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस; खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस; मडगांव (गोवा)-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस; धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस; और हटिया-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस।  इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3 बजे शहडोल में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।  

प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 जून को रांची पटना वंदे भारत एक्सप्रेस उद्घाटन स्पेशल गाड़ी सं. 02439 बनकर  रांची से 10.30 बजे खुलेगी। उसके बाद 10.50 बजे मेसरा, 11.45 बजे बरकाकाना, 12.20 बजे चरही, 12.45 बजे हजारीबाग टाउन, 13.20 बजे बरही, 14.08 बजे कोडरमा, 14.50 बजे पहाड़पुर, 15.40 बजे गया, 16.23 बजे जहानाबाद होते हुए 17.25 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।

कल से नियमित परिचालन

वहीं 28 जून से इसका नियमित परिचालन होगा। पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन गाड़ी सं. 22349, पटना जंक्शन से 7.00 बजे खुलेगी। उसके बाद  8.25 बजे गया, 9.35 बजे कोडरमा, 10.33 बजे हजारीबाग, 11.35 बजे बरकाकाना, 12.20 बजे मेसरा होते  हुए 13.00 बजे रांची में पहुंच जाएगी। 

वापसी में 28 जून को ही गाड़ी सं. 22350 रांची-पटना वंदे भारत  बनकर ट्रेन रांची से 16.15 बजे खुलेगी। उसके बाद 16.35 बजे मेसरा, 17.30 बजे बरकाकाना, 18.30 बजे हजारीबाग, 19.30 बजे कोडरमा, 20.45 बजे गया होते  हुए  22.05 बजे पटना जंक्शन पर पहुंचेगी। हाई स्पीड यात्रा करने के लिए एडवांस बुकिंग में बड़ी संख्या में यात्रियों ने बुकिंग करा रखी है।