Rinku Singh Wedding: क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया की शादी की डेट आ गई सामने, सगाई की डेट भी हुई तय

Rinku Singh Wedding: क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया की

लखनऊ: जौनपुर की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की सगाई भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह से तय हो गई है। यह सगाई 8 जून को लखनऊ में होगी, जबकि शादी 18 नवंबर को वाराणसी के ताज होटल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगी। इस मौके पर राजनीति, क्रिकेट, फिल्म और उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी।


परिवारों की सहमति से हुआ रिश्ता तय

इस रिश्ते की पुष्टि खुद प्रिया सरोज के पिता और केराकत से सपा विधायक तूफानी सरोज ने की है। उन्होंने बताया कि रिंकू सिंह के परिवार से अलीगढ़ में मुलाकात हुई थी और दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से यह रिश्ता तय किया। विधायक ने बताया कि अब सगाई और शादी की तारीखें तय हो चुकी हैं और तैयारियां शुरू हो गई हैं।


जान-पहचान का सिलसिला और बढ़ती नज़दीकियां

प्रिया और रिंकू एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। तूफानी सरोज ने बताया कि प्रिया की एक सहेली के पिता क्रिकेटर हैं और उन्हीं के जरिए रिंकू और प्रिया की जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों ने एक-दूसरे को समझने के लिए समय लिया और अब परिवार की रजामंदी से यह रिश्ता तय हुआ है।


वकालत से राजनीति तक का सफर तय कर चुकी हैं प्रिया

प्रिया सरोज पेशे से अधिवक्ता हैं। साल 2024 में पहली बार मछलीशहर सीट से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचीं। वह तेज-तर्रार और ज़मीनी राजनीति के लिए जानी जाती हैं। राजनीति में आने से पहले वे कानूनी पेशे से जुड़ी रही हैं।


रिंकू सिंह की ज़िंदगी का संघर्ष और सफलता

रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को अलीगढ़ के एक बेहद साधारण परिवार में हुआ था। उनके पिता गैस सिलिंडर वितरण का काम करते थे और शुरुआत में रिंकू भी इस काम में पिता की मदद करते थे। लेकिन क्रिकेट के प्रति लगाव उन्हें मैदान तक ले गया। उन्होंने स्कूल स्तर पर इंटरनेशनल टूर्नामेंट में मैन ऑफ द सीरीज जीतकर अपनी पहचान बनाई।


आईपीएल में उन्हें सबसे पहले 2017 में किंग्स इलेवन पंजाब ने 10 लाख रुपये में खरीदा, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 80 लाख रुपये में टीम में शामिल किया। 2023 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरीं और फिर टीम इंडिया में जगह मिली। 2025 के आईपीएल ऑक्शन में केकेआर ने उन्हें 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया। रिंकू की सालाना कमाई अब 60 से 80 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है और उनकी कुल संपत्ति 2024 की शुरुआत में करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई थी।


नवंबर की शादी में दिखेगा सितारों का जमावड़ा

प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के ताज होटल में होगी। शादी पारंपरिक रीति-रिवाजों से होगी और इसमें देश के कई जाने-माने चेहरे शामिल होंगे। इस शाही शादी को लेकर दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है।