मिडिल ईस्ट में युद्ध की आहट? CBSE ने टालीं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं, 7 देशों के छात्र प्रभावित
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण CBSE ने बहरीन, ईरान, कतर और UAE सहित 7 देशों में 9 से 11 मार्च तक होने वाली कक्षा 12वीं की परीक्षाएं टाल दी हैं। नई तारीखों का एलान बाद में होगा।
Patna - : मिडिल ईस्ट (खाड़ी देशों) में गहराते भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने शनिवार को एक आधिकारिक सर्कुलर जारी कर सूचित किया कि खाड़ी क्षेत्र के कई देशों में आगामी 9, 10 और 11 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षाएं फिलहाल के लिए स्थगित कर दी गई हैं।
इन 7 देशों के छात्रों पर लागू होगा फैसला
CBSE के अनुसार, यह निर्णय मुख्य रूप से बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) में स्थित परीक्षा केंद्रों के लिए लिया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा अस्थिर हालात को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा और उनकी सुविधा सर्वोपरि है, जिसके कारण इन तीन दिनों की परीक्षाओं को टालना आवश्यक हो गया था।
10 मार्च को फिर होगा हालातों का रिव्यू
बोर्ड ने सर्कुलर में यह भी जानकारी दी है कि 12 मार्च और उसके बाद होने वाली परीक्षाओं के आयोजन पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। अधिकारी 10 मार्च को दोबारा क्षेत्र की स्थितियों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद ही तय होगा कि आगे की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार होंगी या उन्हें भी आगे बढ़ाया जाएगा।
नई तारीखों का जल्द होगा एलान
जिन छात्रों की परीक्षाएं 9 से 11 मार्च के बीच होनी थी, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। CBSE ने भरोसा दिलाया है कि इन स्थगित विषयों की नई तारीखों की घोषणा स्थिति सामान्य होने पर जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी। बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।