कोलंबिया में कुदरत का कहर, 7.4 तीव्रता के भूकंप ने मचाई तबाही, 111 से ज्यादा मौतें, हजारों इमारतें खंडहर में हुई तब्दील

Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में कुदरत का ऐसा कहर टूटा कि हर तरफ चीख-पुकार, तबाही और मातम का मंज़र दिखाई देने लगा...

Colombia Quake
कोलंबिया में कुदरत का कहर- फोटो : social Media

Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में कुदरत का ऐसा कहर टूटा कि हर तरफ चीख-पुकार, तबाही और मातम का मंजर दिखाई देने लगा। सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने पश्चिमी कोलंबिया में भारी तबाही मचा दी। इस भीषण आपदा में 111 से अधिक लोगों की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि बड़ी तादाद में लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, जिससे मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

भूकंप के तेज झटकों से हजारों इमारतें दरक गईं और कई इमारतें देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गईं। सबसे ज्यादा तबाही पश्चिमी कोलंबिया के इलाकों में हुई है। भूकंप के झटके पड़ोसी देश इक्वाडोर में भी महसूस किए गए, जिससे वहां भी लोगों में दहशत फैल गई।

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) और कोलंबियाई एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र सैन जोस डेल पालमार क्षेत्र में जमीन से 107 किलोमीटर की गहराई में था। चोको प्रांत की गवर्नर नूबिया कॉर्डोबा ने बताया कि क्षेत्रीय राजधानी में कई लोग घायल हुए हैं और इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि नुकसान का पूरा आंकलन अभी जारी है।

कोलंबिया के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति अबेलार्डो दे ला एस्प्रिएला ने आपदा के बाद हालात की कमान खुद संभाल ली है। उन्होंने कहा कि सरकार राहत और बचाव अभियान को युद्धस्तर पर चला रही है और प्रभावित इलाकों में हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है।

बता दें कि  जून के आखिर में कोलंबिया के पड़ोसी देश वेनेजुएला में भी 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप आए थे, जिनमें हजारों इमारतें तबाह हो गई थीं और 5,000 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। अब कोलंबिया में आई इस नई आपदा ने पूरे दक्षिण अमेरिका को चिंता में डाल दिया है।