मेट्रो में बैग से निकले दर्जनों सांप, यात्री घबराए नहीं, इस कारण नहीं मची अफरा-तफरी

Snakes in Metro: एक मेट्रो में उस वक्त अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मंजर देखने को मिला, जब एक यात्री के बैग से अचानक दर्जनों सांप फर्श पर गिर पड़े।

Dozens of Snakes Fall From Bag on China Metro
मेट्रो में बैग से निकले दर्जनों सांप- फोटो : social Media

Snakes in Metro:  एक मेट्रो में उस वक्त अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मंजर देखने को मिला, जब एक यात्री के बैग से अचानक दर्जनों सांप फर्श पर गिर पड़े। देखते हीं देखते सांप चीन की मेट्रो  के फर्श पर रेंगने लगे और आसपास बैठे यात्रियों के बीच हलचल मच गई। हालांकि, इस पूरे वाकये की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि यात्रियों में वैसा खौफ नजर नहीं आया, जैसा भारत में आम तौर पर सांपों को देखकर देखने को मिलता है।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई देता है कि एक शख्स अपने बैग से गिरे सांपों को मेट्रो के फर्श से समेटने की कोशिश कर रहा है। सांप इधर-उधर रेंग रहे थे, लेकिन वह शख्स बिना किसी घबराहट के उन्हें पकड़ता नजर आया। कुछ देर बाद दूसरे यात्री भी उसकी मदद के लिए आगे आ गए। उन्होंने सांपों को इधर-उधर भागने से रोकने के साथ उन्हें पकड़ने में मदद की।

मेट्रो में सांपों का हुजूम, फिर भी नहीं मची अफरा-तफरी

वीडियो में सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यात्रियों का रवैया है। फर्श पर एक-दो नहीं बल्कि कई सांप रेंगते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन ज्यादातर यात्री शांत नजर आए। किसी के चेहरे पर चीख-पुकार या भगदड़ जैसी स्थिति नहीं दिखी।जिस शख्स के बैग से सांप निकले, वह उन्हें एक-एक कर समेटता रहा। इसके बाद आसपास मौजूद कुछ यात्रियों ने भी आगे बढ़कर उसकी मदद की। सांपों को पकड़कर वहां से हटाने की कोशिश की गई।यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स के लिए यह नजारा किसी खौफनाक फिल्म के सीन से कम नहीं था। भारत में सांपों को लेकर लोगों के मन में लंबे समय से डर और आशंका बनी रहती है, खासकर जहरीली प्रजातियों की वजह से।

भारत में वायरल वीडियो ने खींचा ध्यान

वीडियो को ‘चाइना पल्स’ की ओर से शेयर किए जाने की बात कही जा रही है। इसके बाद यह सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैल गया। वीडियो देखकर कई भारतीय यूजर्स ने हैरानी जताई कि आखिर इतने सारे सांपों के बीच भी मेट्रो में मौजूद लोग इतने सहज कैसे रहे।कई लोगों ने यह भी सवाल किया कि अगर भारत में किसी सार्वजनिक जगह पर दर्जनों सांप निकल आएं, तो क्या लोग इसी तरह शांत रहेंगे? ज्यादातर लोगों का जवाब शायद नहीं होगा। सांपों को देखते ही आम तौर पर लोग दूर भागने, शोर मचाने या मदद बुलाने लगते हैं।

चीन में सांपों को लेकर अलग नजरिया?

सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने चीन और भारत में सांपों को लेकर अलग-अलग सामाजिक नजरिए की चर्चा की। कई लोगों का कहना है कि चीन में सांप, मछली, ईल, केकड़े, झींगे और कई तरह की शेलफिश खाद्य पदार्थों के रूप में इस्तेमाल किए जाते हैं। इसलिए वहां के कुछ लोगों में इन जीवों को लेकर वैसा डर नहीं होता जैसा भारत में देखने को मिलता है।हालांकि, यह कहना सही नहीं होगा कि चीन के सभी लोग सांपों से नहीं डरते या वहां सांपों को लेकर कोई भय नहीं है। लोगों की प्रतिक्रिया स्थान, परिस्थिति और सांप की प्रजाति के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।

वीडियो ने खड़ा किया दिलचस्प सवाल

इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर इंसान और सांप के बीच डर और सह-अस्तित्व को लेकर बहस छेड़ दी है। एक तरफ भारत में सांपों को देखकर अक्सर लोग दहशत में आ जाते हैं, तो दूसरी तरफ इस वीडियो में यात्रियों को बेहद संयमित तरीके से सांपों को हटाने में मदद करते देखा गया।हालांकि वीडियो में दिखाई देने वाले सांपों की प्रजाति और घटना की पूरी पृष्ठभूमि की स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है। फिर भी सोशल मीडिया पर वायरल यह मंजर लोगों के लिए कौतूहल और हैरत का सबब बना हुआ है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि मेट्रो में दर्जनों सांप होने के बावजूद यात्रियों ने घबराने के बजाय उन्हें पकड़ने में मदद क्यों की।