Emergency Landing: एक और फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, 40 मिनट तक हवा में मंडराता रहा विमान, यात्रियों में मचा हड़कंप
Emergency Landing: एक और फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। विमान 40 मिनट तक हवा में मंडराने के बाद सुरक्षित उतारा जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

Emergency Landing: देशभर में इन दिनों विमान में खराबी की खबर और इमरजेंसी लैंडिंग की खबर सामने आ रही है। एक बार फिर विमान के इमरजेंसी लैंडिंग का मामला सामने आया है। जानकारी अनुसार आंध्र प्रदेश के तिरुपति से हैदराबाद के लिए रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट A321neo में रविवार शाम अचानक तकनीकी खराबी आ गई। जिसके चलते फ्लाइट को तिरुपति एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
40 मिनट तक हवा में मंडराने के बाद लैंडिंग
फ्लाइट ने शाम 7:42 बजे उड़ान भरी और लगभग 40 मिनट तक आसमान में मंडराने के बाद 8:34 बजे सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई। इस दौरान विमान तिरुपति से कुछ दूरी पर स्थित वेंकेटनगरी तक गया और वहां से यू-टर्न लेकर वापस लौटा। फ्लाइट में मौजूद यात्रियों ने बताया कि जैसे ही तकनीकी खराबी की जानकारी मिली तो विमान में अफरा-तफरी और घबराहट का माहौल बन गया। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से किसी भी बड़े हादसे से बचाव हो गया।
सोशल मीडिया पर फूटा यात्रियों का गुस्सा
फ्लाइट के रद्द होने और उचित सूचना न मिलने पर यात्रियों ने एयरलाइन स्टाफ से बहस की। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए हैं। जिनमें यात्री इंडिगो स्टाफ से जवाब मांगते नजर आ रहे हैं। यात्रियों ने असुविधा को लेकर नाराजगी जताई और कंपनी के व्यवहार पर सवाल उठाए।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट का खुलासा
Flightradar24 के मुताबिक, विमान ने तिरुपति से उड़ान भरने के बाद वेंकेटनगरी की ओर रुख किया फिर वापस लौटकर हवा में चक्कर लगाता रहा। अंततः पायलट ने सावधानीपूर्वक लैंडिंग कर विमान को सुरक्षित उतारा। हालांकि अब तक इंडिगो की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं इंडिगो की वेबसाइट पर फ्लाइट का समय 7:20 से 8:30 बजे हैदराबाद पहुंचने के तौर पर दिखाया गया है जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है।