Road Accident: भीषण सड़क हादसे में 14 लोगों जिंदा जले, बस और टिपर में टक्कर के बाद लगी आग, 18 की हालत गंभीर
Road Accident: बस और टिपर की टक्कर में 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी अनुसार टक्कर के बाद बस में आग लग गई। कई लोग बाहर निकल गए लेकिन कई जिंदा जल गए।
Road Accident: भीषण सड़क हादसे मे 14 लोग जिंदा जल गए। घटना के बाद इलाके में चीत्कार मच गया। 18 सवारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दरअसल, मामला आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम के पास रायवरम इलाके का है। जहां एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक प्राइवेट ट्रैवल बस की बजरी लदे टिपर लॉरी से टक्कर के बाद बस में आग लग गई, जिसमें कम से कम 14 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 18 लोग घायल हो गए।
बस टिपर में भीषण टक्कर
यह हादसा स्लैब क्वारी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बस सामने चल रही टिपर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस जलकर खाक हो गई। आग की लपटों में कई यात्री फंस गए, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।
14 लोगों की मौत की पुष्टि
बचाव और राहत कार्य के लिए मौके पर पुलिस और दमकल की टीमें तैनात हैं। मार्कापुरम के डीएसपी नागराजू ने बताया कि अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 18 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि कुछ शव अब भी बस के अंदर फंसे हो सकते हैं, जिससे राहत कार्य में कठिनाई आ रही है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस मृतकों की पहचान और उनके परिजनों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सूचित किया जाएगा। इस हादसे पर एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।