tunnel collapse - तेलंगाना में निर्माणाधीन सुरंग का बड़ा हिस्सा ढहा, मुश्किल में पड़े अंदर फंसे कई मजदूर, सीएम ने दिया राहत कार्य शुरू करने का निर्देश
tunnel collapse -तेलंगाना में बड़ा हादसा हुआ है। यहां निर्माणाधीन सुरंग की छत का बड़ा हिस्सा ढह गया है। जिसके कारण सुरंग में कई मजदूर फंस गए हैं। वहीं हादसे के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर मजदूरों के बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया गया है।

N4N DESK - तेलंगाना में एक निर्माणधीन सुरंग का बड़ा हिस्सा शनिवार को अचानक ढह गया है। बताया जा रहा है कि जब हादसा हुआ तब सुरंग के अंदर मजदूर काम कर रहे थे। जो अब अंदर फंस गए हैं। वहीं हादसे के बाद सीएम ए रेवंत रेड्डी के निर्देश पर राहत कार्य शुरू कर मजदूर को बचाने का काम शुरू कर दिया गया है।
घटना प्रदेश के नागरकुरनूल जिले की है। जहां श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) की सुरंग का काम चल रहा था। इस दौरान आज सुरंग की छत का एक हिस्सा ढह गया। घटना तब हुई जब कुछ श्रमिक काम के सिलसिले में अंदर गए थे, तभी सुरंग के 12-13 किलोमीटर अंदर छत गिर गई।
पुलिस ने बताया कि निर्माण कंपनी की टीम आकलन के लिए सुरंग के अंदर गई है और उसने पुष्टि की है कि मजदूर फंसे हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि काम में लगी कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार छह से आठ श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है।
अधिकारियों को मौके पहुंचने का निर्देश
हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में संख्या बताए बिना संकेत दिया गया है कि कुछ लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों को राहत कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, राज्य के सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी, सिंचाई मामलों के सरकारी सलाहकार आदित्यनाथ दास और अन्य सिंचाई अधिकारी विशेष हेलीकॉप्टर से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
केंद्रीय कोयला मंत्री ने ली हादसे की जानकारी
उधर, दुर्घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने घटना के कारणों की जानकारी ली और अधिकारियों से फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से घायलों को उपचार मुहैया कराने को भी कहा।