Bihar Road Accident : मुजफ्फरपुर में रफ्तार का कहर, पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की हुई मौत, दो की हालत नाजुक
MUZAFFARPUR : जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र में आज शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मुसहरी स्थित राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र के समीप हुआ, जहाँ एक अनियंत्रित पिकअप और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन इस बीच अंधेरे और अफरातफरी का फायदा उठाकर पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में सफल रहा।
सूचना मिलते ही मुसहरी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुँची और लहूलुहान पड़े तीनों युवकों को तुरंत इलाज के लिए मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले गई। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दो घायल युवकों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर कर दिया गया है। फिलहाल दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे का शिकार हुए युवक कहाँ के रहने वाले हैं और उनकी पहचान क्या है, इसका पता अभी तक नहीं चल पाया है। पुलिस मृतकों और घायलों के मोबाइल व अन्य सामानों के जरिए उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। शिनाख्त न होने के कारण पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवा दिया है और इलाके के लोगों से भी पहचान में सहयोग मांगा है।
मुसहरी थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लीची अनुसंधान केंद्र के पास हुए इस हादसे में एक की जान गई है और दो घायल हैं। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज व अन्य इनपुट का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार चालक और वाहन को कब्जे में ले लिया जाएगा।
मणिभूषण की रिपोर्ट