Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने मॉर्निंग वॉक के दौरान चेन छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो लुटेरे और खरीदार जोहरी को किया गिरफ्तार

Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने मॉर्निंग वॉक के दौरान चेन छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. इसी कड़ी दो लूटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

चेन छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश- फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले के कच्ची पक्की ओपी क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन छिनतई की सनसनीखेज वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के महज 10 दिनों के भीतर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूर्वी चंपारण में छापेमारी कर गिरोह के दो शातिर बदमाशों और छीनी गई चेन खरीदने वाले एक स्वर्ण कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से महिलाओं की सुरक्षा पर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है।

सीसीटीवी में कैद हुआ था बदमाशों का चेहरा

घटना बीते 3 अप्रैल की है, जब कच्ची पक्की के सद्भावना नगर निवासी राम सखी देवी सुबह टहलने निकली थीं। तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से तकरीबन 19 ग्राम सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में बाइक चला रहे मनोज सिंह और पीछे बैठकर चेन झपटने वाले मुन्ना कुमार सिंह की पहचान स्पष्ट रूप से हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उनकी घेराबंदी शुरू की।

पूर्वी चंपारण में छापेमारी कर हुई गिरफ्तारी

तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर मुजफ्फरपुर पुलिस ने पूर्वी चंपारण के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से बाइक चालक मनोज सिंह को दबोचा। वहीं, सुगौली थाना क्षेत्र के पचभिखा से दूसरे आरोपी मुन्ना कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिसिया पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उन्होंने लूटी गई चेन को ठिकाने लगाने के लिए एक स्वर्ण कारोबारी का सहारा लिया था।

90 हजार में बेची थी छीनी हुई चेन, कारोबारी भी दबोचा गया

गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने पूर्वी चंपारण के ही जमला रोड स्थित 'अंजली ज्वैलर्स' पर छापेमारी की। दुकान के मालिक राजकुमार ने स्वीकार किया कि उसने बदमाशों से वह चेन एक लाख रुपये में खरीदी थी, जिसमें से 90 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वर्ण कारोबारी राजकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस कप्तान ने की टीम की सराहना

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी ने बताया कि यह एक अंतरजिला गिरोह था जो रिहायशी इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाता था। उन्होंने कहा, "पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और त्वरित कार्रवाई की वजह से ही हम न केवल लुटेरों तक, बल्कि लूटे गए माल के खरीदार तक भी पहुँचने में सफल रहे।" इस सफलता के बाद स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं ने राहत की सांस ली है। 

मणिभूषण की रिपोर्ट