Bihar News : मुजफ्फरपुर एसएसपी ने स्वर्ण कारोबारियों के साथ की बैठक, सुरक्षा को लेकर दिए कई निर्देश

Bihar News : जिले में आपराधिक घटनाओं को लेकर एसएसपी ने स्वर्ण कारोबारियों के साथ बैठक की. उन्होंने सुरक्षा को लेकर कई निर्देश दिए......पढ़िए आगे

एसएसपी ने की बैठक - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले में बढ़ते अपराध और हाल के दिनों में स्वर्ण कारोबारियों को निशाना बनाकर की गई छिनतई की वारदातों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह रेस हो गया है। आज वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने जिले के तमाम स्वर्ण व्यवसायियों के साथ पुलिस लाइन स्थित आनंद भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक की। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में व्यवसायियों की सुरक्षा, हालिया लूट कांडों और व्यापारिक समस्याओं पर विस्तृत मंथन किया गया।

सीसीटीवी और सुरक्षा मानकों पर जोर

बैठक के दौरान एसएसपी ने सभी स्वर्ण व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपने प्रतिष्ठानों के अंदर और बाहर अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस के भरोसे नहीं, बल्कि सतर्कता से भी सुनिश्चित होती है। साथ ही, पुलिस कप्तान ने यह भी कहा कि यदि कारोबारी भारी मात्रा में नकदी या आभूषण लेकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाते हैं, तो इसकी सूचना स्थानीय थाने को जरूर दें, ताकि पुलिस उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचा सके।

चोरी के जेवर खरीदने को लेकर दी कड़ी चेतावनी

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कारोबारियों से आग्रह किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से आभूषण खरीदते समय उसकी गहन जांच-परख कर लें। उन्होंने बताया कि अक्सर अपराधी एक जगह से छिनतई या लूट की वारदात को अंजाम देकर वही सामान दूसरे कारोबारी को बेच देते हैं। हाल ही में लूटे गए सोने की खरीद के मामले में एक व्यवसायी की गिरफ्तारी का हवाला देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि बिना जांच के सामान खरीदना कानूनी पचड़े में डाल सकता है।

पुलिसिंग की कमियों को दूर करने का भरोसा

स्वर्ण कारोबारियों ने बैठक में अपनी समस्याओं और पुलिस गश्त में दिख रही कमियों को एसएसपी के सामने रखा। इस पर पुलिस कप्तान ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा व्यवस्था में जो भी खामियां नजर आ रही हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करने का निर्देश संबंधित थाना प्रभारियों को दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर लगाम कसी जा सकती है।

सावधानी ही बचाव: एसएसपी की अपील

अंत में एसएसपी ने व्यवसायियों से अपील की कि वे अपने कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को दें। इस बैठक के बाद स्वर्ण कारोबारियों ने संतोष व्यक्त किया और पुलिस प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का संकल्प लिया। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य बाजार में सुरक्षा का माहौल पैदा करना और अपराधियों के मन में खौफ पैदा करना है। 

मणिभूषण की रिपोर्ट