बिहार कैबिनट मीटिंग में 30 एजेंडों पर लगी मुहर, पटना में बनेगा ताज सिटी सेंटर

Bihar cabinet - फोटो : news4nation

 Bihar cabinet  : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में कुल 30 एजेंडों पर मुहर लगी है. इसमें राज्य में हरित हाइड्रोजन के उत्पादन और इसके इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए बिहार हरित हाइड्रोजन नीति-2026 के ड्राफ्ट को मंजूरी दी गई। कैमूर और रोहतास के 177 गांवों के 21,644 घरों को ग्रिड से जोड़ने के लिए RDSS के तहत पहले स्वीकृत योजना की लागत को संशोधित किया गया। इस योजना की लागत अब 117.80 करोड़ से बढ़ाकर 361.86 करोड़ रुपए कर दी गई है।


वजन और माप से जुड़े नियमों को लागू करने के लिए बिहार विधिक माप विज्ञान (GATC) नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई।  वजन-माप से जुड़े नियमों के प्रवर्तन को लेकर संशोधन नियमावली-2026 को भी मंजूरी दी गई। युद्ध संग्रहालय, दर्श-गृह, संग्रहालय, स्मृति स्तूप वैशाली समेत संग्रहालय निदेशालय और राजकीय संग्रहालयों के संचालन के लिए 35 जरूरी पदों पर 11 महीने के लिए नियुक्ति की जाएगी। नियमित नियुक्ति होने तक इन पदों को संविदा/निविदा के आधार पर भरा जाएगा।


राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए 30 नए वाटर कैनन और 8 नए वाहन खरीदे जाएंगे। इसके लिए कुल 62.52 करोड़ रुपए की प्रशासनिक मंजूरी दी गई है।


सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 कार्यक्रम के तहत राशन से जुड़े खाद्य उत्पादों की आपूर्ति के लिए निर्माताओं/आपूर्तिकर्ताओं का चयन किया जाएगा। इसके लिए PPP मॉडल में 16 साल के लिए BOOT (Build, Own, Operate and Transfer) आधार पर व्यवस्था की जाएगी।


पटना के बहादुरपुर सेक्टर-6 स्थित बिहार राज्य आवास बोर्ड की जर्जर कॉलोनी का पुनर्विकास किया जाएगा। इसके लिए NBCC (India) Ltd. के साथ MoU करने की मंजूरी दी गई है। टीवी टावर के पास बहादुरपुर सेक्टर-5 में आवास बोर्ड की 8.5 एकड़ जमीन पर स्व-वित्तपोषित परियोजना विकसित की जाएगी। इसके लिए NBCC के साथ MoU करने और परियोजना से जुड़े जरूरी फैसले लेने के लिए बिहार राज्य आवास बोर्ड को अधिकृत किया गया है।