Bihar Weather: बिहार में 7 दिनों बाद पड़ेगी हाड़ कंपा देने वाली ठंड ! IMD का अलर्ट, कोल्ड डे से बिगड़ेंगे हालात
Bihar Weather: बिहार में अगले 7 दिनों के बाद हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि अब कोल्ड डे और शीतलहर जैसे दिन आएंगे।
Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी। खासतौर पर 22 दिसंबर के बाद बिहार के विभिन्न हिस्सों में शीतलहर (कोल्ड वेव) जैसी गंभीर स्थिति बनने की आशंका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
दिन का पारा सामान्य
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक यही मौसम पैटर्न बने रहने की संभावना है। सुबह और रात में ठंड का असर महसूस होगा, जबकि दिन में तापमान सामान्य से बेहतर रहेगा। मौसम सेवा केंद्र ने लोगों को सुबह के समय सतर्क रहने और दिन में बदलते मौसम के अनुसार अपनी दिनचर्या तय करने की सलाह दी है।
इन जिलों में घने कोहरे
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आज और कल पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, रोहतास, मधुबनी, किशनगंज, जमुई, बांका और भागलपुर के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। दक्षिण बिहार के जिलों में इसका असर अधिक देखा जा सकता है और यह स्थिति आगे भी जारी रह सकती है।
राज्य में बनेगी कोल्ड डे जैसी स्थिति
मौसम विभाग का कहना है कि पटना सहित कई जिलों में सुबह और शाम के समय कनकनी के साथ घना कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि, दिन में कुछ समय के लिए धूप निकलने की संभावना बनी रहेगी। इसके बावजूद ठंड का असर कम नहीं होगा। IMD के अनुसार 22 दिसंबर के बाद राज्य के कुछ जिलों में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति भी बन सकती है, जब दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला जाएगा। सारण, भागलपुर, बक्सर, गया, पूर्वी चंपारण और सीतामढ़ी जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और कमजोर वर्ग के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
तापमान का हाल
राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम बना रहने की संभावना है। अगले दो दिनों में बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद के कुछ हिस्सों में 30 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चल सकती है। अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन का तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 8 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों का रिकॉर्ड
सोमवार को राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस फारबिसगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस कैमूर में रहा। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, रोहतास, नवादा और अररिया में रात का तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि अन्य जिलों में यह 10 से 12.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।