CM Nitish Kumar Birthday: सीएम नीतीश के जन्मदिन पर पटना के नौलखा मंदिर में पूजा-पाठ, जानिए सुशासन बाबू के 'इंजीनियर' से 'मुख्यमंत्री' बनने का सफर

CM Nitish Kumar Birthday: सीएम नीतीश आज अपना 75वां जन्मदिन बना रहे हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर पटना के नौलखा मंदिर में उनके समर्थकों ने पूजा अर्चना की है। साथ ही केक भी काटा।

सीएम नीतीश का जन्मदिन आज - फोटो : Abhijeet

CM Nitish Kumar Birthday: बिहार की सियासत के केंद्र बिंदु और 'सुशासन बाबू' के नाम से मशहूर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। 1 मार्च 1951 को पटना जिले के बख्तियारपुर में जन्मे नीतीश कुमार का राजनीतिक सफर किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। एक साधारण परिवार से निकलकर प्रदेश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बनने तक की उनकी कहानी संघर्ष और सूझबूझ की मिसाल है। वहीं आज पटना के नौलखा मंदिर में सीएम नीतीश के समर्थकों ने पूजा पाठ की औऱ उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी। 

इंजीनियरिंग की पढ़ाई और जेपी आंदोलन से शुरुआत

नीतीश कुमार पेशे से एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं। उन्होंने बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (अब NIT पटना) से डिग्री हासिल की। लेकिन उनके भीतर का राजनेता 70 के दशक के जेपी आंदोलन के दौरान जागा। जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व वाले 'संपूर्ण क्रांति' आंदोलन ने नीतीश कुमार को लालू प्रसाद यादव और सुशील मोदी जैसे दिग्गजों के साथ राजनीति की मुख्यधारा में ला खड़ा किया।

राजनीतिक सफर के अहम पड़ाव

1985 में सीएम नीतीष पहली बार हरनौत विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। 1989 में पहली बार बाढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद बने और केंद्र में मंत्री पद संभाला। 2005 में बिहार में 'जंगलराज' खत्म करने के नारे के साथ सत्ता में आए और पहली बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। नीतीश कुमार बिहार के इतिहास में सबसे अधिक बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले नेता बन चुके हैं। हाल ही के विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए के प्रचंड जीत के बाद सीएम नीतीश ने 10वीं बार रिकॉर्ड शपथ ग्रहण किया है। 

सुशासन बाबू की पहचान

नीतीश कुमार को 'सुशासन बाबू' की उपाधि उनके पहले कार्यकाल (2005-2010) के दौरान मिली। उनके कुछ ऐतिहासिक फैसले में साइकिल योजना है। छात्राओं को स्कूल भेजने के लिए साइकिल देना, जिसने महिला साक्षरता में क्रांति ला दी। 2016 में पूरे प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू कर सामाजिक सुधार की नींव रखी। वहीं महिलाओं को स्थानीय निकायों में 50% आरक्षण देने वाला बिहार पहला राज्य बना। साथ ही 'हर घर बिजली' और गाँवों को पक्की सड़कों से जोड़ना उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

जदयू कार्यालय में उत्साह

आज सुबह से ही पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास (1, अणे मार्ग) पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के तमाम बड़े नेताओं ने उन्हें फोन कर शुभकामनाएं दे रहे हैं। जेडीयू कार्यकर्ता आज के दिन को 'विकास दिवस' के रूप में मना रहे हैं। पटना की सड़कों को बड़े-बड़े पोस्टरों और बैनरों से पाट दिया गया है, जहाँ उन्हें 'विकास पुरुष' और 'बिहार का शिल्पकार' बताया गया है। वहीं पटना के मंदिरों में भी सुबह से ही सीएम नीतीश के जन्मदिन को लेकर पूजा पाठ शुरु हो गया।