Bihar News: होली पर पटना में 'नो हुड़दंग'! पटना में होली पर बजाया डीजे तो सीधे जाएंगे जेल, प्रशासन का गाइडलाइन जान लीजिए

Bihar News: आगामी होली, रमजान और ईद पर्व को लेकर पटना रेंज की पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने जिले के सभी एसपी के साथ समीक्षा बैठक कर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए।

पटना पुलिस
पटना पुलिस का अलर्ट - फोटो : social media

Bihar News:  पटना में इस बार होली के हुड़दंग पर प्रशासन का कड़ा पहरा रहेगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन ने पूरे जिले में शराब और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इतना ही नहीं, होली के मौके पर किसी भी तरह की सभा या जुलूस निकालने के लिए अब प्रशासन से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसने के लिए पुलिस इस बार जमीन के साथ-साथ आसमान से भी ड्रोन के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखेगी।

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात

आईजी ने निर्देश दिया कि सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। इन इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। साथ ही आसूचना संकलन के लिए चौकीदारों की मदद ली जाएगी। सभी थाना क्षेत्रों के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थलों की निगरानी थानाध्यक्ष स्वयं करेंगे और लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। किसी भी सूचना पर पुलिस को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करने का निर्देश दिया गया है।

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

होली के दौरान डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार की सभा या जुलूस के आयोजन के लिए शत-प्रतिशत लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। लाइसेंस जारी करने से पहले अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संबंधित रूट का निरीक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि मार्ग साम्प्रदायिक रूप से संवेदनशील तो नहीं है।

अपराधियों और फरार वारंटियों पर सख्ती

जेल से छूटे कुख्यात अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। फरार आरोपितों के खिलाफ इश्तेहार और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज की जाएगी। लंबित वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर बीएनएसएस की धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई और धारा 135 के तहत बंधपत्र की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज

त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में बने चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में भी वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। शराब तस्करी के मामलों में जेल जा चुके आरोपितों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक गश्त बढ़ाई जाएगी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।