Bihar Politics: NDA में शामिल होंगे मुकेश सहनी! बिहार चुनाव से पहले हो सकता है 'बड़का खेला', आ गया ऑफर

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज है। इसी बीच बड़ी सियासी चाल की आहट मिल रही है। एनडीए के बड़े नेता और बिहार सरकार के मंत्री ने वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी को एनडीए में शामिल होने का ऑफर दिया है...

Mukesh Sahni will join NDA?- फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासी हलतल तेज है। सभी पार्टी के नेता सीट शेयरिंग और उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर मंथन में जुटे हुए हैं। इसी बीच एक बड़े सियासी उलटफेर की आहट सुनाई दे रही है। खबरों की मानें तो वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी एनडीए में शामिल हो सकते हैं। एनडीए में शामिल होने के लिए उन्हें खुद बिहार सरकार के मंत्री ने ऑफर दिया है। मंत्री ने साफ शब्दों में कहा है कि सहनी के समाज का भला एनडीए ही कर सकता है। इस ऑफर के बाद सियासी हलचल तेज है। 

मंत्री ने दिया खुला ऑफर 

दरअसल, बीते दिन वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने ट्विट कर बड़ा ऐलान किया। मुकेश सहनी ने ट्विट कर लिखा कि, "विकासशील इंसान पार्टी, 2025 में 60 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, शेष सभी सीटों पर हमारे सहयोगी दलों के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।" इस ट्विट से सियासी उबाल आ गया। इसी बीच हम सेक्युलर पार्टी के अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बड़ा बयान दे दिया। संतोष सुमन ने सहनी को एनडीए में शामिल होने का न्यौता दे दिया साथ ही ये भी कहा कि सहनी के समाज का विकास एनडीए ही कर सकता है।  

NDA में मुकेश सहनी को ऑफर

अपने बयान में संतोष सुमन ने कहा कि, 'मुकेश सहनी अब उस दल और गठबंधन से ऊब चुके हैं, जहां उन्हें अपेक्षित सम्मान और अवसर नहीं मिल रहा है। ऐसे में अगर वे NDA में आना चाहें तो उनका खुले दिल से स्वागत होना चाहिए।' सुमन ने यह भी जोड़ा कि निषाद समुदाय, जो कि मुकेश सहनी का सामाजिक आधार है, अब तेजी से NDA की विकासोन्मुखी विचारधारा से जुड़ रहा है, इसलिए सहनी को भी उसी राह पर आगे बढ़ना चाहिए।

NDA कर सकता है भला 

हम पार्टी प्रमुख ने यह भी कहा कि, आज अगर किसी गठबंधन में सामाजिक न्याय के साथ-साथ विकास की सोच है, तो वह केवल NDA है। मुकेश सहनी को यह समझना चाहिए कि उनका और उनके समाज का भविष्य सिर्फ NDA के साथ सुरक्षित है।

क्या NDA में वापसी करेंगे मुकेश सहनी?

मुकेश सहनी वर्तमान में महागठबंधन में शामिल हैं लेकिन हाल ही में उन्होंने 60 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान करके महागठबंधन में खींचतान की स्थिति बना दी है। पहले वह NDA के हिस्सा थे लेकिन 2022 में उन्होंने नाता तोड़कर विपक्ष का रुख किया था। अब जबकि विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं NDA की ओर से उन्हें वापसी का संकेत दिया जा रहा है।

निषाद वोट बैंक साधने की रणनीति?

राजनीतिक जानकारों की मानें तो संतोष सुमन का यह बयान सिर्फ व्यक्तिगत आमंत्रण नहीं बल्कि NDA की एक रणनीतिक सोच को भी दर्शाता है। निषाद समुदाय का समर्थन 2025 के चुनाव में अहम हो सकता है और यह बयान उस वोट बैंक को साधने की दिशा में एक स्पष्ट प्रयास माना जा रहा है। मालूम हो कि सहनी खुद को सन ऑफ मल्लाह कहते हैं।