Voter Adhikar Yatra: राहुल -तेजस्वी पहुंचे गांधी मैदान, जाम में फंसे झारखंड सीएम, थोड़ी देर में शुरु होगी पदयात्रा, भारी भीड़
Voter Adhikar Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गांधी मैदान पहुंच गए हैं। वहीं दूसरी ओर झारखंड सीएम भी पटना पहुंच गए हैं लेकिन जाम में फंसे रहने के कारण वो फिलहाल गांधी मैदान नहीं पहुंचे हैं।
Voter Adhikar Yatra: बिहार में आज विपक्ष के नेता अपना शक्ति प्रदर्शन करने वाले हैं। पटना में आज पदयात्रा कर वोटर अधिकार यात्रा का समापन होना है। जिसको लेकर सियासी हलचल तेज है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गांधी मैदान पहुंच चुके हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी गांधी मैदान में मौजूद हैं। यहां पहले से ही महागठबंधन के कई बड़े नेता और हजारों की संख्या में वर्कर मौजूद हैं।
समर्थकों का भारी हुजूम
गांधी मैदान से डाकबंगला चौराहे की ओर कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हुजूम बढ़ता जा रहा है। भीड़ जुटने के साथ ही पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। वहीं दूसरी ओर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन जाम में फंसे हैं। हेमंत सोरेन भी थोड़ी देर में गांधी मैदान में पहुंचेंगे। राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन के साथ सुबह सुबह पटना एयरपोर्ट पहुंचे जहां से वो गांधी मैदान पहुंचे।
तेजस्वी का बयान
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 'वोटर अधिकार यात्रा' को लेकर कहा कि, एक बात स्पष्ट है कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है और भाजपा का असली चेहरा उजागर हो गया है... इस बार जनता खूंटा ठोक कर इन्हें बिहार से भगाने का काम करेगी और बिहार से पूरे देश में ये संदेश जाएगा। लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने वाले लोगों को करारा जवाब मिलेगा... बहुत ज्यादा जनसैलाब पूरी यात्रा के दौरान हमारे साथ खड़ा रहा। बिहार के लोगों का आशीर्वाद और समर्थन मिला। हम सभी लोगों के आभारी हैं।"
पदयात्रा का रूट:
यात्रा की शुरुआत गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा से होगी।
10:50 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण।
गेट नंबर-1 से निकलकर एसपी वर्मा रोड, डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना होते हुए काफिला बेली रोड तक पहुंचेगा।
इनकम टैक्स गोलंबर से होकर यह यात्रा अंबेडकर मूर्ति तक जाएगी।
12:30 बजे अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद यहीं पर 12:40 से 2:30 बजे तक विशाल जनसभा होगी।
इस पदयात्रा का नाम प्रतीकात्मक तौर पर रखा गया है—“गांधी से अंबेडकर”। यह करीब 4 किलोमीटर लंबी यात्रा विपक्षी एकजुटता का बड़ा संदेश देने के लिए है।