बिहार की तुलना ‘बीड़ी’ से करने पर बवाल, कांग्रेस पर जमकर बरसे मंत्री अशोक चौधरी, माना- कुछ गलतियां हुई
अशोक चौधरी ने कहा, "उन्होंने कहा कि B से बीड़ी, B से बिहार — लेकिन क्या उन्हें याद नहीं कि B से बुद्ध भी होता है? भगवान बुद्ध को ज्ञान इसी बिहार की धरती पर प्राप्त हुआ था। लेकिन कांग्रेस को B से बुद्ध बोलने में शर्म आती है। यह उनकी घटिया सोच को दर्श
Bihar News : केरल कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर बिहार की तुलना बीड़ी से किए जाने और दोनों को "अब पाप नहीं" कहने वाले विवादित पोस्ट पर बिहार की राजनीति में तूफान मच गया है। शुक्रवार को बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। अशोक चौधरी ने कहा, "इस पोस्ट से साफ हो जाता है कि कांग्रेस के नेताओं के मन में बिहार के प्रति कितनी घृणा और द्वेष भरी हुई है। एक तरफ उनके नेता यहां आकर वोट अधिकार यात्रा निकालते हैं, 17 दिन बिहार में रुकते हैं, लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश करते हैं, और फिर जाते ही बिहार को बीड़ी के नाम से अपमानित कर देते हैं।"
उन्होंने केरल कांग्रेस की भाषा को बिहारियों का सीधा अपमान बताया और कहा कि कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा अब जनता के सामने है। अशोक चौधरी ने कहा, "उन्होंने कहा कि B से बीड़ी, B से बिहार — लेकिन क्या उन्हें याद नहीं कि B से बुद्ध भी होता है? भगवान बुद्ध को ज्ञान इसी बिहार की धरती पर प्राप्त हुआ था। लेकिन कांग्रेस को B से बुद्ध बोलने में शर्म आती है। यह उनकी घटिया सोच को दर्शाता है।"
"अब बिहार पिछड़ा नहीं रहेगा"
मंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस जैसे लोग बिहार को नीचे दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आने वाले 5 वर्षों में पूरा देश देखेगा कि बिहार कहां खड़ा है। उन्होंने कहा, "कुछ गलतियां जरूर हुईं, हमारा राज्य थोड़ा पीछे हो गया, लेकिन अब वह समय दूर नहीं जब बिहार आगे होगा। बस देश को 5 साल इंतजार करना होगा।"
बिहार बंद और पीएम के अपमान पर भी बोले मंत्री
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी और उसके विरोध में बिहार बंद को लेकर भी अशोक चौधरी ने बयान दिया। उन्होंने कहा, "हम अपने परिजनों और मित्रों के लिए जैसी भाषा का प्रयोग नहीं करते, वैसी भाषा एक देश के प्रधानमंत्री के लिए कैसे की जा सकती है? यह बंद प्रतीकात्मक था, लेकिन यह संदेश देने के लिए काफी था।"
सीट शेयरिंग पर दिया संतुलित बयान
सीट बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि हर राजनीतिक दल में कार्यकर्ता चाहते हैं कि उन्हें अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व मिले। उन्होंने कहा, "हर नेता की कोशिश रहती है कि अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को एडजस्ट किया जाए। ऐसे में कुछ दबाव स्वाभाविक होता है, लेकिन एनडीए में सब कुछ अच्छे तरीके से चल रहा है और सीट शेयरिंग का समाधान भी सौहार्दपूर्ण ढंग से निकलेगा।"
अभिजीत की रिपोर्ट