Bihar News: शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, 6 साल के बच्चे को लगी गोली, मातम में बदली खुशियां

Bihar News: राजधानी पटना में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना में 6 वर्षीय बच्चे को गोली लगी है। घटना के बाद मौके पर सनसनी फैल गई। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

हर्ष फायरिंग
हर्ष फायरिंग में बच्चे को लगी गोली - फोटो : social media

Bihar News: बिहार में हर्ष फायरिंग पर रोक लगाने को लेकर पुलिस की ओर से आए दिन सख्त नियम बनाए जाते हैं। बावजूद इसके हर्ष फायरिंग का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजधानी पटना का है। जहां शादी की खुशियां मातम में बदल गई है। जानकारी अनुसार हर्ष फायरिंग के दौरान 6 वर्षीय बच्चे को गोली लग गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। 

हर्ष फायरिंग का मामला 

पूरा मामला चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के मुन्ना चक इलाके का है। जहां रिसेप्शन पार्टी के दौरान चली गोली बच्चे को जा लगी। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। घटना की जानकारी मिलते ही चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। 

6 साल के बच्चे को लगी गोली 

पटना अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अभिनव ने बताया कि जांच में यह सामने आया है कि गुलशन नामक व्यक्ति के रिसेप्शन में हर्ष फायरिंग की गई, जिसमें बच्चा घायल हुआ। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

हर्ष फायरिंग में सजा 

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी की पहचान की जा चुकी है, और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। गौरतलब हो कि, हर्ष फायरिंग एक दंडनीय अपराध है। जिसके तहत लाइसेंसी हथियार से फायरिंग करने पर 2 साल तक की कैद या ₹1 लाख तक का जुर्माना (या दोनों) हो सकता है। लाइसेंसी हथियार के गलत इस्तेमाल पर लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है। यदि हर्ष फायरिंग में किसी की मृत्यु हो जाती है, तो हत्या की धारा के तहत कार्रवाई की जाएगी और सज़ा बढ़ सकती है। 

पटना से अनिल की रिपोर्ट