Bihar Cabinet Meeting: शिक्षा, खेल, पशु और विधि विभाग में बंपर बहाली, नीतीश कैबिनेट की बैठक में मिली मंजूरी

Bihar Cabinet Meeting: नीतीश कैबिनेट की बैठक में 34 एजेंडों को मंजूरी मिली है। इस बैठक में कई विभागों में पद सृजन को हरी झंडी दी गई है। जल्द ही अब इन रिक्त पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरु हो जाएगी।

Bihar Cabinet Meeting
Bihar Cabinet Meeting- फोटो : social media

Bihar Cabinet Meeting: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में शुक्रवार को कुल 34 एजेंडों पर मुहर लगी। बैठक में विभिन्न विभागों में पदों के सृजन और पुनर्गठन को लेकर अहम फैसले लिए गए। सीएम नीतीश ने कुल 34 एजेंडों को स्वीकृति दी। कैबिनेट की बैठक पुराने सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में सुबह 11 बजे से शुरू हुई।  कैबिनेट बैठक खत्म हो गई है। बैठक में लिए गए निर्णय के बाद अब इस विभागों में खाली पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

खेल विभाग में बहाल

नीतीश कैबिनेट में खेल विभाग को लेकर अहम फैसला लिया गया है। जिसके तहत बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न श्रेणियों में कुल 244 पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई। इससे विश्वविद्यालय की कार्यक्षमता और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग

कैबिनेट ने बिहार पशु चिकित्सा सेवा संवर्ग के अंतर्गत पूर्व स्वीकृत 2159 पदों के पुनर्गठन की मंजूरी दी। यह पुनर्गठन निर्धारित नियमावली और पदानुक्रम के अनुसार किया जाएगा।

Nsmch

शिक्षा विभाग में बड़ी बहाली 

मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के तहत प्रदेश के आठ अंचलों में प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के लिए कुल 526 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई। इनमें 422 पद शिक्षक श्रेणी (प्रत्येक महाविद्यालय के लिए एक प्रधानाचार्य सहित) तथा 104 पद शिक्षकेत्तर श्रेणी में होंगे। ये कॉलेज पश्चिम चंपारण, वैशाली, बेगूसराय, गया, कैमूर, बांका, मुंगेर और जमुई जिलों में खोले जाएंगे।

विधि विभाग के रिक्त पदों पर बहाली 

नीतीश कैबिनेट की बैठक में पटना के महाधिवक्ता कार्यालय  के लिए विभिन्न कोटि के 34 स्थायी पद तथा संविदा आधारित 06 पद अर्थात कुल 40 (चालीस) पदों के सृजन की स्वीकृति मिली है। इन 40 पदों पर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरु होगी। 

Editor's Picks