Bihar News: बिहार में स्वास्थ्य विभाग की खुली पोल ! झमाझम बारिश में जलमग्न हुआ बाढ़ अनुमंडल अस्पताल, मरीजों की बढ़ी परेशानी

Bihar News: बिहार में स्वास्थ्य विभाग की पोल एक बार फिर खुलती नजर आ रही है। मानसून की बारिश में कई इलाकों में जलजमाव हो गया है वहीं पटना से सटे बाढ़ का अनुमंडल अस्पताल भी जलमग्न हो चुका है।

बाढ़ अनुमंडल अस्पताल
जलमग्न हुआ बाढ़ अनुमंडल अस्पताल - फोटो : social media

Bihar News: बिहार में मानसून सक्रिय है। पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रहे बारिश से कई इलाकों में जलजमाव की समस्या देखी जा रही है। लोगों का घरों से निकलना भी मुहाल हो गया है। वहीं मानसून की बारिश से अब स्वास्थ्य विभाग की भी पोल खुलने लगी है। दरअसल, मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ अनुमंडल अस्पताल झील में तब्दील हो गया है। अस्पताल परिसर में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है।


स्वास्थ्य विभाग की खुली पोल

जानकारी अनुसार पानी निकासी का कोई उचित साधन नहीं होने के कारण पूरा बरसाती पानी अस्पताल परिसर में जमा हो गया है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। खासकर बुजुर्ग और महिला मरीज इस जलजमाव से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। मरीजों के परिजनों ने भी नाराजगी जताई है। अपने परिजन को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे गौरव कुमार ने कहा कि, यहां इलाज कराने आने वाले मरीज तो ठीक हो जाएंगे, लेकिन इस गंदे पानी से लौटते वक्त कई नई बीमारियां लेकर जाएंगे। 

जलमग्न हुआ अस्पताल परिसर 

परिसर में भरे पानी में नाली का गंदा पानी भी मिल गया है। जिससे हालात और खराब हो गए हैं। जलजमाव की समस्या पर बाढ़ नगर परिषद के सभापति संजय कुमार उर्फ गाय माता ने मीडिया से कहा कि शहर में नालियों के जाम होने के पीछे सड़क पर पशु बांधने और गंदगी फैलाने की आदत भी जिम्मेदार है। उनके अनुसार, इस वजह से नालियों में पानी का बहाव रुक जाता है, जिससे पूरे शहर में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है।

पानी निकासी का प्रयास जारी 

नगर परिषद का कहना है कि पानी निकासी के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही स्थिति में सुधार लाने के कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, अस्पताल परिसर में जमा गंदा पानी मरीजों, परिजनों और अस्पताल कर्मियों के लिए परेशानी और स्वास्थ्य जोखिम दोनों बना हुआ है।

बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्ट